बीरेंद्र कुमार झा
लोकतंत्र को लेकर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार लगातार विपक्ष के निशाने पर है। अमेरिका दौरे पर गए राहुल गांधी भी वहां से नरेंद्र मोदी सरकार पर तरह तरह के लांछन लगा रहे हैं। इस बीच इस मामले पर व्हाइट हाउस ने ऐसी बातें कही है जो मोदी सरकार के पक्ष में हैं।दरअसल व्हाइट हाउस की ओर से कहा गया है कि भारत एक जीवंत लोकतंत्र है और वहां जाने वाला कोई भी व्यक्ति इसे खुद से महसूस कर सकता है। भारत में लोकतंत्र की स्थिति पर चिंताओं को व्हाइट हाउस ने प्रत्यक्ष तौर से खारिज कर दिया है।
भारत है एक जीवंत लोकतंत्र
गौरतलब है कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस महीने के अंत में अमेरिका की यात्रा पर जाने वाले हैं। इससे पहले व्हाइट हाउस का यह बयान सामने आया है। राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद में सामरिक संचार समन्वयक जॉन किर्बी ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि भारत एक जीवंत लोकतंत्र है और जो कोई भी भारत जाता है, वह इसे महसूस करता है। निश्चित तौर पर मुझे उम्मीद है कि लोकतांत्रिक संस्थानों की ताकत और उसकी स्थिति चर्चा का हिस्सा होगी।
हम कभी झिझकते नहीं
एक सवाल के जवाब में जॉन किर्बी ने कहा कि देखिए, हम कभी भी झिझकते नहीं हैं। आप दोस्तों के साथ ऐसा कर सकते हैं। आपको दोस्तों के साथ ऐसा करना चाहिए।आप कभी भी उन चिंताओं को व्यक्त करने से नहीं कतराते हैं, जो दुनिया में कहीं भी उठ रही है।हालांकि यह राजकीय यात्रा संबंध गहरे करने, साझेदारी मजबूत करने और दोस्ती आगे बढ़ाने पर केंद्रित होगी।
कब होगी पीएम मोदी की अमेरिका यात्रा
राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद में सामरिक संचार समन्वयक जॉन किर्बी ने आगे कहा कि भारत कई स्तरों पर अमेरिका का अहम साझेदार हैं। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 से 24 जून तक अमेरिका की यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान व कांग्रेस के संयुक्त सत्र को भी संबोधित करेंगे।

