लोकसभा चुनाव 2024 के दरमियान कांग्रेस ने कर्नाटक में सारे मुसलमान को ओबीसी की सूची में शामिल करते हुए आरक्षण का लाभ दिया जिसके बाद बीजेपी संविधान में धर्म आधारित आरक्षण नहीं होने की बात करते हुए कांग्रेस पर जोरदार पलटवार कर रही है।इस बीच लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के दिन मंगलवार को इंडिया गठबंधन के प्रमुख दल आरजेडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद ने मुसलमानों को हर तरह से आरक्षण देने की बात कर दी।इसके बाद बीजेपी की तरफ से खुद पीएम मोदी ने मोर्चा सम्हालते हुए पूछा कि पहले कांग्रेस और अब लालू मुसलमानों को सब प्रकार से आरक्षण देने की बात कर रहे हैं ,आखिर इस इंडी गठबंधन को हो क्या गया है?
धार की रैली से पीएम मोदी ने साधा लालू प्रसाद यादव पर निशाना
मध्य प्रदेश के धार में एक सार्वजनिक सभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस चुप है, लेकिन आज उसके एक सहयोगी ने इंडी गठबंधन के इरादों की पुष्टि कर दी है।बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव पर तंज कसते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उनके नेता जो चारा घोटाले के सिलसिले में जेल में थे और जिन्हें कोर्ट ने सजा दी है।अभी जमानत पर बाहर आए हैं। उनका कहना है कि मुसलमानों को आरक्षण मिलना चाहिए, सिर्फ आरक्षण नहीं, उनका कहना है कि मुसलमानों को पूरा आरक्षण मिलना चाहिए।इसका क्या मतलब है?
भारत में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले
मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश के खरगोन में एक रैली को संबोधित किया और लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के पहले दो घंटे में हुए मतदान की रफ्तार पर संतोष जताया। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि लोगों के प्रयासों से देश आगे बढ़ रहा है।आपके वोट ने भारत में 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालने का काम किया है
वोट जिहाद वनाम राम राज्य
विरोधियों पर हमला करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि विपक्षी ‘इंडी’ गठबंधन को देशवासियों की कोई चिंता नहीं है। भारत इतिहास के निर्णायक मोड़ पर है, आपको तय करना है कि ‘वोट जिहाद’ काम करेगा या राम राज्य!उन्होंने कहा कि आपके वोट ने भारत को दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाया है। यही नहीं अनुच्छेद 370 समाप्त कराया है और एक आदिवासी महिला को देश की राष्ट्रपति बनाया है।
कांग्रेस छोड़ने वालों पर पीएम मोदी ने क्या कहा
पीएम मोदी ने मध्य प्रदेश के खरगोन में रैली को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस के इरादे कितने खतरनाक हैं, यह समझने के लिए उन लोगों की बात सुनने की जरूरत है जो 20-25 साल तक कांग्रेस में थे, लेकिन अब वह पार्टी का दामन छोड़ चुके हैं। जो लोग कांग्रेस छोड़ रहे हैं वे ताजी हवा में सांस ले रहे हैं और कह रहे हैं कि अब बहुत हो गया ! आगे प्रधानमंत्री ने कहा कि एक महिला ने कहा कि राम मंदिर जाने को लेकर उनको बहुत प्रताड़ित किया गया,जिस वजह से उन्हें कांग्रेस छोड़नी पड़ी।उसने कहा कि कांग्रेस को मुस्लिम लीग ने हाईजैक कर लिया है।
राहुल गांधी पर तंज
राहुल गांधी पर तंज कसते हुए पीएम मोदी ने कहा कि मैं कांग्रेस के शहजादे से पूछता हूं कि आपके ये साथी जो बोल रहे हैं, इनकी मंशा क्या है? पाकिस्तान से इतनी मोहब्बत और हमारी सेना से इतनी नफरत क्यों? इसलिए लोग कहते हैं- कांग्रेस का हाथ!
अपने संबोधन में और क्या कहा पीएम मोदी ने
* पीएम मोदी ने कहा कि मतदान के हर चरण के बाद कांग्रेस का पाकिस्तान प्रेम चरम पर पहुंचता नजर आ रहा है।
* कांग्रेस के एक पूर्व सीएम ने कहा कि हमारी सेना आतंकी हमले करती है और पाकिस्तान निर्दोष है। कांग्रेस के एक और बड़े नेता कि बेशर्मी देखिए, उन्होंने कहा कि मुंबई आतंकी हमले में भी पाकिस्तान का हाथ नहीं था।
* उन्होंने कहा कि कांग्रेस के साथी दल के एक और नेता भारत को धमकी देते हैं…कहते हैं कि पाकिस्तान ने चूड़ियां नहीं पहनी हुई हैं।
* प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और विपक्षी इंडी गठबंधन को न हमारी आस्था की परवाह है और न ही देशहित की परवाह है। राष्ट्र विरोधी बात करने में तो कांग्रेस के नेताओं में होड़ लगी हुई है।
* रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पाकिस्तान में आतंकी भारत के खिलाफ जिहाद की धमकी देते नजर आ रहे हैं।यहां कांग्रेस के लोगों ने भी एलान कर दिया है कि मोदी के खिलाफ वोट जिहाद करो। यानि मोदी के खिलाफ एक खास धर्म के लोगों को एकजुट होकर वोट करने की अपील कांग्रेस कर रही है। सोचिए जरा, कांग्रेस किस स्तर पर उतर आई है।

