बीरेंद्र कुमार झा
पंजाब कांग्रेस के सीनियर नेता सुखपाल सिंह खैरा को आज सुबह ही पंजाब पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया। इसे लेकर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी में जंग तेज हो गई है। सुखपाल खैरा ने गिरफ्तारी के बाद भी अपना तेवर दिखाते हुए कहा कि भगवंत मान मेरी जान के दुश्मन बन गए हैं। वह मेरी हत्या करा सकते हैं। सुखपाल खैरा ने कहा कि पंजाब में तो कांग्रेस की आवाज ही दबाई जा रही है। यही नहीं उनके बेटे मेहताब सिंह ने तो और तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मेरे पिता ने भगवंत मान और उनकी शराब वाली सरकार का शराबी चेहरा उजागर किया था।
नशा के कारोबारी सरकार के विरोध की सजा
मेहताब सिंह ने कहा कि पिछले 5 साल में मेरे पिता सुखपाल खैरा को दूसरी बार अरेस्ट किया गया है और मैं इसकी परवाह नहीं करता हूं। उन्होंने कहा कि मेरे पिता ने हमेशा नशे का कारोबार करने वालों का विरोध किया।कोई ड्रग की ओवरडोज से खत्म हुआ तो उसके घर परिवार की मदद के लिए मेरे पिता गए ,आज उन्हें इस नेक कार्य की ही सजा मिल रही है। उन्होंने कहा कि सुखपाल खैरा और उनके परिवार को डरा- धमकाकर बैठाया नहीं जा सकता है।यही नहीं कांग्रेसी नेता इस बात की शिकायत लेकर आज शाम राज्यपाल से मिलने वाले हैं।
अब तक एक दर्जन कांग्रेसी नेताओं पर पंजाब में हुए केस दर्ज, कई तो पूर्व मंत्री
गौरतलब है कि पंजाब में अब तक करीब एक दर्जन कांग्रेस के नेताओं पर पुलिस ने केस दर्ज किए हैं और इनमें से आधा दर्जन तो पूर्व मंत्री ही है। चर्चा तो यहां तक है कि पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वन्डिंग के खिलाफ भी केस दर्ज हो सकता है। उसके खिलाफ सरकार परिवहन घोटाले के मामले में जांच शुरू कर सकती है।मुख्यमंत्री भगवंत मान खुद ऐसा आरोप लगा चुके हैं। ऐसे में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के रिश्ते पंजाब में बिगड़ना स्वाभाविक है और यह सब ऐसे टाइम पर हो रहा है जब इंडिया गठबंधन में शामिल दोनों पार्टियों बीजेपी के खिलाफ राष्ट्रीय स्तर पर एकता की बातें कर रही है।
भगवंत मान के मंत्री बोले कानून तो सबके लिए बराबर है
एक तरफ सुखपाल खैरा बदले की राजनीति का आरोप लगा रहे हैं, तो वहीं दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी ने इन्हें कानून की याद दिलाई है। भगवंत मान सरकार में मंत्री बलवीर सिंह ने कहा कि सुखपाल खैरा के खिलाफ कानून के तहत एक्शन लिया गया है। किसी को भी इस राज्य को नशे के कारोबार में धकेलने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कानून सभी के लिए बराबर है और उसमें कोई अंतर नहीं रहेगा।

