Bihar News: 68 साल बाद बिहार राज्य भंडार निगम में हुई नियमित बहाली, 15 युवाओं को मिला नियुक्ति पत्र

0
5

Bihar News: बिहार में रोजगार के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज हुई है। बिहार राज्य भंडार निगम में करीब 68 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद नियमित नियुक्ति प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा करते हुए 15 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपा गया। सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने विकास भवन स्थित सभागार में आयोजित समारोह में चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।

राम कृपाल यादव ने इस अवसर को निगम के इतिहास का एक महत्वपूर्ण अध्याय बताते हुए कहा कि वर्ष 1958 के बाद पहली बार नियमित भर्ती प्रक्रिया पूरी की गई है। उन्होंने कहा कि यह केवल नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं के लिए नए अवसरों और प्रशासनिक पारदर्शिता का प्रतीक है।

निगम को मिलेगी नई ऊर्जा

नवनियुक्त कर्मियों को संबोधित करते हुए राम कृपाल यादव ने कहा कि उनकी नियुक्ति से बिहार राज्य भंडार निगम की कार्यक्षमता और सेवा गुणवत्ता में सुधार होगा। उन्होंने युवाओं से ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ कार्य करने की अपील की तथा कहा कि उनकी भूमिका राज्य की खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में भी महत्वपूर्ण होगी।

उन्होंने कहा कि यह कदम रोजगार सृजन और युवा सशक्तिकरण की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। साथ ही यह सुशासन, पारदर्शिता और बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था का भी उदाहरण है।

पारदर्शी प्रक्रिया से हुई भर्ती

जानकारी के अनुसार, निगम में मानव संसाधन की आवश्यकता को देखते हुए पीसीडीओ पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की गई थी। रोस्टर क्लियरेंस और अन्य प्रशासनिक स्वीकृतियों के बाद आईबीपीएस, मुंबई के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षा आयोजित की गई। पूरी चयन प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई।

जल्द आएगा भर्ती का दूसरा चरण

कार्यक्रम में सहकारिता विभाग के सचिव धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि बिहार राज्य भंडार निगम राज्य में खाद्यान्न भंडारण की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाता है और इसकी कार्यक्षमता लगातार बढ़ाई जा रही है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में भी आईबीपीएस के माध्यम से नई नियुक्तियां की जाएंगी।

वहीं निगम के प्रबंध निदेशक डॉ. गगन ने बताया कि सहायक, तकनीकी सहायक समेत 11 अन्य पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। अगले महीने दूसरे चरण में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाने की योजना है।

भंडारण व्यवस्था को मिलेगा नया बल

बिहार राज्य भंडार निगम केंद्र और राज्य सरकार का संयुक्त उपक्रम है, जो राज्य की भंडारण व्यवस्था को संचालित करता है। नई नियुक्तियों से निगम के विभिन्न गोदामों में कार्यों के बेहतर संचालन के साथ-साथ खाद्यान्न प्रबंधन प्रणाली को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here