लद गए सोलर पैनल के दिन, छत पर बिजली बनाएगी माइक्रो पवन चक्की

0
11

क्या घर पर अपनी खुद की बिजली बनाने के लिए सिर्फ सोलर पैनल ही एकमात्र ऑप्शन हैं? एक समय तक इसका जवाब हां था, लेकिन अब आप अपने घर की छत पर अपनी खुद की पवन चक्की भी लगा पाएंगे। दरअसल सोलर पैनल कम धूप या रात के समय में किसी काम के नहीं रहते। इस कमी को जर्मनी की SkyWind Energy नाम की कंपनी ने समझा और एक माइक्रो विंड टरबाइन यानी कि छोटी पवन चक्की तैयार की है जिसे घर की छत पर लगाकर बिजली बना सकते हैं।
आमतौर पर पवन चक्कियां काफी बढ़ी और भारी-भरकम होती हैं लेकिन माइक्रो विंड-टरबाइन इतनी छोटी है कि आपके घर की छत पर फिट हो सकती है और ज्यादा जगह भी नहीं लेती है। यह उन इलाकों के लिए सोलर पैनल से बेहतर साबित हो सकती है, जहां हवा तेज चलती है।

इस विंड-टरबाइन की खासियत है कि यह उस समय भी बिजली बनाती है, जिस समय सोलर पैनल बिजली नहीं बना पाते। इसके अलावा अगर घर की छत पर जगह कम हो, तो भी इसे इस्तेमाल किया जा सकता है क्योंकि इसे एक पोल के सहारे छत से काफी ऊपर इंस्टॉल किया जाता है ताकि यह हवा का ज्यादा से ज्यादा फायदा उठा सके।

यह बड़ी पवन चक्की का एक हल्का और कॉम्पैक्ट वर्जन है, जो हवा से घरेलू इस्तेमाल के लिए बिजली बना सकता है। हालांकि फर्क इतना है कि बड़ी पवनचक्कियों से अलग इसे घरों की छतों पर इंस्टॉल किया जा सकता है। खेतों और ऑफ-ग्रिड जगहों पर आसानी से लगाया जा सकता है।

हवा से इस टरबाइन के छोटे एयरोडायनामिक ब्लेड्स हवा को काटते हुए घूमते हैं। इसमें लगा जनरेटर बिजली बनाता है। इनवर्टर के जरिए यह बिजली घर के इलेक्ट्रिक सिस्टम से जुड़ जाती है। इस तरह से यह धूप होने या न होने पर भी बिजली बनाता रहता है।

माइक्रो विंड-टरबाइन को घरों की छत पर काफी आसानी से लगाया जा सकता है। इसके लिए छत पर क्लैंप और पोल की मदद से टरबाइन को कस दिया जाता है।
इसके बाद टरबाइन से बनने वाली बिजली को इन्वर्टर के जरिए सीधे घर के मेन डिस्ट्रीब्यूशन पैनल से जोड़ा जाता है।
तेज आंधी या ओवरलोड होने पर इस सिस्टम को खास डंप लोड और कंट्रोलर की मदद से सुरक्षित रखा जाता है।​

अगर ठीक-ठाक हवा मिलती रहे, तो एक सिंगल टरबाइन 1000 वॉट यानी कि 1 kW तक की पावर जनरेट कर सकता है। इसका इस्तेमाल उन इलाकों में हो, जहां बिजली अच्छी खासी मात्रा में बनाई जाती है, तो टरबाइन सालाना औसतन 615 kWh तक बिजली बना सकती है।

इस तकनीक का फायदा है कि अगर किसी को ज्यादा बिजली की जरूरत हो, तो एक साथ दो या उससे ज्यादा टरबाइन भी आपस में जोड़कर इस्तेमाल किए जा सकते हैं। इससे इनकी बिजली बनाने की क्षमता बढ़ जाती है।

सोलर पैनल और माइक्रो विड टरबाइन के अपने-अपने फायदे और सीमाएं हैं। इस बात मे दो राय नहीं कि रात के समय में या कम धूप में सोलर पैनल बिजली कम बना पाते हैं और छत पर जगह भी काफी लेते हैं।
हालांकि, विंड-टरबाइन को भी बिजली बनाने के लिए अच्छी हवा की जरूरत पड़ती है। शहरी इलाकों में आस-पास ऊंची इमारतें होने की वजह से हवा का बहाव कम हो सकता है।
ऐसे में इसे सोलर पैनल का विकल्प मानने की जगह सोलर पैनल का साथी मानना बेहतर रहेगा। विंड-टरबाइन उस समय तो बिजली बनाएगी ही, जिस समय सोलर पैनल भी बिजली बनाते हैं लेकिन इनसे रात में या कम धूप में भी बिजली मिल सकती है।
जर्मन कंपनी ने अपने माइक्रो टरबाइन को शोर मुक्त बनाने के लिए इसके ब्लेड्स को खास तरह के कंप्यूटर से डिजाइन कर तैयार किया है। इसकी वजह से यह शोर बिल्कुल भी नहीं करता।

वहीं बहुत तेज या तूफान आने पर इसका ऑटोमैटिक ब्रेकिंग सिस्टम ब्लेड्स की स्पीड को कंट्रोल कर लेता है और घर के अप्लायंस को सुरक्षित रखता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here