बीरेंद्र कुमार झा
बिहार के वैशाली जिला के बिदुपुर थाना क्षेत्र के खालसा घाट पर गंगा नदी किनारे पानी लेने गए एक बच्चे पर नदी में मौजूद मगरमच्छ ने हमला कर दिया। मगरमच्छ के हमले से गंभीर रूप से जख्मी बच्चे की मौत हो गई। मृतक अंकित कुमार बिदुपुर थाना क्षेत्र के गोकुलपुर गांव निवासी धर्मेंद्र दास का पुत्र था। बच्चे की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने जाल की मदद से मगरमच्छ को पकड़कर नदी से बाहर निकाला और लाठी-डंडे से पीट-पीटकर मार डाला।
ग्रामीणों ने मगरमच्छ को मार डाला
प्राप्त जानकारी के अनुसार गोकुलपुर गांव निवासी धर्मेंद्र दास ने एक बाइक खरीदी थी। बाइक की पूजा के लिए वह पूरे परिवार के साथ गंगा नदी के खालसा घाट पहुंचा था।बाइक की पूजा करने की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान अंकित गंगा नदी से जल लेने लगा।जैसे ही वह नदी से गंगा जल लेने लगा वैसे ही वहां पहले से मौजूद मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया। बच्चे के शोर मचाने पर वहां अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में आसपास के लोग जुट गये।स्थानीय लोगों की मदद से गंगा नदी में जल डालकर मगरमच्छ को पकड़ा गया और बच्चे को छुड़ाया गया।लेकिन तब तक बच्चे की मौत हो चुकी थी। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने पीट-पीटकर मार डाला।
नदी में पानी कम होने से फंस गया था मगरमच्छ
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटनास्थल के समीप नदी में पानी कम था। इससे मगरमच्छ वहां फंस गया था। उसे निकलने में बड़ी मुश्किल हो रही थी। बच्चे की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल हो गया है। इस संबंध में बिदुपुर थाना अध्यक्ष फेराज हुसैन ने बताया कि बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।

