न्यूज़ डेस्क
नॉएडा फिल्म सिटी को लाइट ट्रांजिट रेल के जरिये नॉएडा हवाई अड्डा ताल जोड़ने की तैयारी चल रही है। उत्तर प्रदेश सरकार ने नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से फिल्म सिटी तक लाइट ट्रांजिट रेल के संचालन के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है और उसे केंद्रीय शहरी आवासन मंत्रालय को भेज दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक़ नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा आने वाले लोगों की यात्रा सुगम बनाने के लिए ‘नमो भारत’ और ‘मेट्रो लाइन’ के ट्रैक पर अब लाइट ट्रांजिट रेल भी दौड़ेगी।
अधिकारी के मुताबिक़ फिल्म सिटी से हवाई अड्डा तक पूर्व प्रस्तावित ‘पॉड टैक्सी’ की जगह एलआरटी का संचालन होगा। करीब 14 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर एलआरटी संचालन के लिए प्रदेश सरकार से मंजूरी मिलने के बाद इसका प्रस्ताव भारत सरकार के केंद्रीय शहरी आवासन मंत्रालय को भेज दिया गया है और उम्मीद है कि आने वाले दो-तीन महीनों में परियोजना पर कार्य शुरू हो जाएगा।
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण की हुई बोर्ड बैठक में चेयरमैन अनिल सागर के समक्ष हवाई अड्डा से गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा वेस्ट और नोएडा को जोड़ने वाली परियोजनाओं पर प्रस्तुति दी गई। इसमें बताया गया कि दो चरणों में प्रस्तावित, गाजियाबाद से हवाई अड्डा के बीच ट्रैक का निर्माण अब एक साथ किया जाएगा।
पूर्व योजना के अनुसार, पहले चरण में गाजियाबाद के सिद्धार्थनगर से इकोटेक-6 तक 39.39 किलोमीटर लंबा ट्रैक और दूसरे चरण में इकोटेक-6 से हवाई अड्डा तक 32.90 किलोमीटर लंबा ट्रैक बनना था। पूरी तरह से ‘एलिवेटेड ट्रैक’ पर ‘नमो भारत’ 140 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सफर तय करेगी।
‘लाइट ट्रांजिट रेल’ 21 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेगी। हर मेट्रो के बीच सेवा का अंतराल 3.5 मिनट, रैपिड रेल के बीच यह अंतराल सात मिनट और एलआरटी के लिए सेवा का अंतराल आठ मिनट रहेगा। इस परियोजना पर करीब 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक का खर्च आएगा।
