Bihar News :बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं को मिली नई रफ्तार, CM सम्राट चौधरी ने एक साथ शुरू की ICU, फ्री डायलिसिस और आधुनिक पैथोलॉजी सेवाएं

0
9

Bihar News : बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक आधुनिक एवं सशक्त बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को पटना सिटी स्थित गुरु गोविंद सिंह अस्पताल (जिला अस्पताल) के नवनिर्मित भवन में विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं का लोकार्पण करते हुए राज्यभर में कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की शुरुआत की। इन नई सुविधाओं में 105 नए ICU बेड, 70 इंटरमीडिएट केयर यूनिट (IMCU) बेड, 24×7 आपातकालीन सेवाएं, निःशुल्क पैथोलॉजी जांच और 25 अनुमंडलीय अस्पतालों में मुफ्त डायलिसिस सेवा शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने अस्पताल के नवनिर्मित भवन और जिला औषधि भंडार गृह का उद्घाटन करने के बाद विभिन्न वार्डों, ऑपरेशन थिएटर और चिकित्सा सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और चिकित्सकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि अस्पताल में इलाज की सभी सुविधाएं उपलब्ध रहें ताकि मरीजों को दूसरे अस्पतालों में रेफर करने की आवश्यकता न पड़े। उन्होंने विशेष रूप से ऑर्थोपेडिक विभाग को उत्कृष्ट पहचान दिलाने पर जोर देते हुए कहा कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण इलाज स्थानीय स्तर पर ही मिलना चाहिए।

राज्य सरकार ने स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के तहत विभिन्न जिला अस्पतालों में 105 नए ICU बेड, 70 IMCU बेड और 24 घंटे आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं का भी शुभारंभ किया। इससे गंभीर मरीजों को समय पर बेहतर इलाज उपलब्ध होगा और जिला स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएं पहले से अधिक मजबूत होंगी।

सरकारी अस्पतालों में आधुनिक जांच व्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत निःशुल्क पैथोलॉजी सेवाओं की शुरुआत भी की गई। प्रथम चरण में 11 हब लैब और उनसे जुड़े 221 स्पोक लैब शुरू किए गए हैं। इस व्यवस्था से मरीजों को अत्याधुनिक जांच सुविधाएं, समय पर रिपोर्ट और बेहतर चिकित्सीय निर्णय का लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने राज्य के 25 अनुमंडलीय अस्पतालों में निःशुल्क डायलिसिस सेवा का भी शुभारंभ किया। इस योजना के तहत पीएचएच (PHH) एवं आयुष्मान भारत कार्डधारकों को मुफ्त डायलिसिस की सुविधा मिलेगी, जबकि अन्य पात्र मरीजों को रियायती दरों पर उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। इससे किडनी रोग से पीड़ित मरीजों को बड़े शहरों या दूसरे जिलों में इलाज के लिए जाने की आवश्यकता काफी हद तक कम होगी।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य हर नागरिक तक समयबद्ध, आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। सरकार जिला और अनुमंडल स्तर तक विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार कर रही है, ताकि लोगों को अपने घर के निकट ही बेहतर इलाज उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक, उन्नत चिकित्सा उपकरण, प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी और मजबूत स्वास्थ्य अवसंरचना के माध्यम से बिहार स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने गुरु गोविंद सिंह अस्पताल परिसर में तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब प्रबंधक कमेटी द्वारा स्थापित ‘खंडा साहिब’ का भी लोकार्पण कर श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री निशांत, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, चिकित्सक और स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here