Delhi Police Knife Attack: दिल्ली की जामा मस्जिद थाने में चाकूबाजी! आरोपी ने 9 पुलिसकर्मियों को किया घायल

0
5

Delhi Police Knife Attack: दिल्ली के जामा मस्जिद थाने में सोमवार दोपहर चाकू से हमले की सनसनीखेज घटना सामने आई। पुलिस के मुताबिक, पारिवारिक विवाद से जुड़ी शिकायत पर पूछताछ के लिए बुलाए गए 30 वर्षीय नबील ने थाने के भीतर पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया। इस वारदात में पांच पुलिसकर्मी घायल हुए। इसके बाद आरोपी मौके से भाग निकला और रास्ते में एक नागरिक से स्कूटी छीनकर फरार होने की कोशिश की।

घटना 23 नवंबर को दोपहर करीब 2:30 बजे हुई। बताया गया कि नबील के खिलाफ उसकी मां और बहन को परेशान करने की शिकायत मिली थी। इसी सिलसिले में उसे थाने बुलाया गया था। पूछताछ के दौरान उसने SI अजय, SI अरविंद और HC हरेंद्र समेत पांच पुलिसकर्मियों पर चाकू से वार किए। हमले में कुछ पुलिसकर्मियों के चेहरे और गर्दन पर चोटें आईं। घायलों को सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया।

आरोपी की तलाश में AATS और सेंट्रल जिला स्पेशल स्टाफ की टीमें जुटीं। पुलिस ने चितली कब्र इलाके में उसे घेर लिया, लेकिन गिरफ्तारी की कोशिश के दौरान उसने फिर चाकू से हमला कर दिया। इस बार स्पेशल स्टाफ के चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। इस तरह दोनों घटनाओं में कुल नौ पुलिसकर्मी जख्मी हुए।

पुलिस के अनुसार, आरोपी को काबू करने के लिए आठ राउंड गोलियां चलाई गईं। सभी फायरिंग कमर से नीचे की गई और छह गोलियां नबील के पैरों में लगीं। घायल आरोपी को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

नबील कलां महल, जामा मस्जिद इलाके का निवासी है। उसके खिलाफ वर्ष 2022 में दरियागंज थाने में IPC की धारा 324 के तहत एक पुराना मामला दर्ज होने की जानकारी दी गई है। जामा मस्जिद और चांदनी महल थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here