Indian Defence Security Alert:भारतीय सेना, अर्धसैनिक बलों और रक्षा संगठनों से जुड़े अधिकारियों के निजी WhatsApp ग्रुप में पाकिस्तानी खुफिया एजेंटों की कथित घुसपैठ का मामला सामने आया है। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, करीब 13 से 14 ऐसे ग्रुप उनकी निगरानी में हैं, जिनमें संदिग्ध एजेंट चुपचाप शामिल होकर बातचीत और साझा किए जा रहे दस्तावेजों पर नजर रख रहे थे। इस खुलासे के बाद संबंधित अधिकारियों और संगठनों को सतर्क कर दिया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, पाकिस्तानी एजेंटों ने कथित तौर पर भारतीय मोबाइल नंबरों की नकल या उनमें तकनीकी छेड़छाड़ करके इन निजी समूहों में जगह बनाई। ग्रुप का हिस्सा बनने के बाद वे सक्रिय रूप से बातचीत करने के बजाय निष्क्रिय सदस्य बने रहे, ताकि किसी का ध्यान उन पर न जाए। एजेंसियों को आशंका है कि इस दौरान संवेदनशील सूचनाओं और दस्तावेजों तक उनकी पहुंच बनी रही।
जांच से जुड़ी एक अन्य जानकारी में ‘सोनिया’ नाम की महिला का जिक्र है। बताया गया है कि उसने खुद को DRDO की वैज्ञानिक बताकर रक्षा क्षेत्र के असैन्य अधिकारियों के एक WhatsApp ग्रुप में प्रवेश किया था। एजेंसियों को संदेह है कि उस समूह में संवेदनशील जानकारियां साझा हुई थीं और उनके बदले पैसे दिए जाने की आशंका भी है। हालांकि, इस मामले के सभी पहलुओं की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने सभी रक्षा और अर्धसैनिक संगठनों को अपने WhatsApp ग्रुप और अन्य सोशल मीडिया अकाउंट की सुरक्षा जांचने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों से अज्ञात या संदिग्ध सदस्यों को हटाने और किसी भी आधिकारिक, गोपनीय जानकारी या सुरक्षा संबंधी दस्तावेज को सोशल मीडिया पर साझा नहीं करने को कहा गया है।

