आर्टिकल 370 हटने के बाद भी आतंकवादी हमले,कुलगाम हमले पर कांग्रेस का बीजेपी पर तंज

0
5

जम्मू-कश्मीर से आतंकवाद को खत्म करने के दावों के बीच दक्षिणी कश्मीर के कुलगाम में एक बार फिर सुरक्षाबलों को निशाना बनाया गया है। मीर बाजार के पास नाके पर तैनात CRPF के जवानों पर बाइक सवार हमलावरों ने अचानक गोलियां चला दीं। इस हमले में CRPF के जवान घायल हो गए। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घायलों को इलाज के लिए अनंतनाग के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इस घटना ने जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के मुद्दे पर राजनीतिक बहस भी तेज कर दी है। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने हमले पर दुख जताते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सवाल किया है और सीधा निशाना साध दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर 2019 में अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद आतंकवाद खत्म करने के किए गए दावों का जिक्र किया और पूछा कि सात साल बाद भी ऐसी घटनाएं क्यों हो रही हैं?उन्होंने गृह मंत्री की जिम्मेदारी और उनके प्रदर्शन पर भी सवाल उठाए।

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि कुलगाम में CRPF जवानों पर हुआ हमला बेहद परेशान करने वाला है। उन्होंने घायल जवानों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की और कहा कि देश से आतंकवाद और हिंसा का पूरी तरह खात्मा होना चाहिए।

इसके साथ ही उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह से 2019 में किए गए वादों पर जवाब मांगा। खेड़ा ने सवाल उठाया कि क्या उस समय किए गए दावे गलत थे या फिर सरकार का प्रदर्शन उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा। उन्होंने अमित शाह को गृह मंत्री पद के योग्य नहीं बताया।।

CRPF के जवानों पर गोलीबारी की यह घटना बुधवार दोपहर करीब 2:15 बजे की है। बाइक पर सवार अज्ञात हमलावरों ने कुलगाम के मीर बाजार के पास अक्खरन इलाके में CRPF के नाके पर तैनात जवानों पर गोलियां चलाईं।
गोलीबारी के बाद हमलावर मौके से भाग निकले। CRPF के मुताबिक, घायल जवानों को इलाज के लिए अनंतनाग जिले के अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर दी और हमलावरों की तलाश में तलाशी अभियान शुरू किया। उनकी पहचान और हमले के पीछे के मकसद को लेकर फिलहाल आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

दरअसल, 5 अगस्त 2019 को केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को हटाने का फैसला किया था। उस समय अमित शाह ने संसद में अनुच्छेद 370 को आतंकवाद की जड़ बताया था। 11 अगस्त 2019 को उन्होंने कहा था कि इसे हटाने के बाद कश्मीर में आतंकवाद खत्म होगा और विकास को बढ़ावा मिलेगा। पवन खेड़ा ने इसी पुराने दावे को याद दिलाते हुए मौजूदा हालात पर सवाल उठाए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here