PM Modi-Zelensky Talk: रूस के हमलों के बीच मोदी ने जेलेंस्की से की बात, भारत ने फिर दिया शांति का बड़ा संदेश

0
5

PM Modi Zelensky Talk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के बीच सोमवार को फोन पर बातचीत हुई। दोनों नेताओं ने रूस-यूक्रेन युद्ध की मौजूदा स्थिति पर चर्चा करने के साथ भारत और यूक्रेन के रिश्तों को और मजबूत बनाने के तरीकों पर भी विचार किया। यह बातचीत ऐसे समय हुई है, जब यूक्रेन की राजधानी कीव पर रूस के भीषण हमले के बाद युद्ध को खत्म करने के लिए नए सिरे से कूटनीतिक कोशिशें तेज हो रही हैं।

बातचीत में जेलेंस्की ने प्रधानमंत्री मोदी को संघर्ष से जुड़े ताजा घटनाक्रम की जानकारी दी और अपना पक्ष रखा। इसके जवाब में पीएम मोदी ने भारत के मानवीय दृष्टिकोण को दोहराते हुए कहा कि युद्ध का स्थायी समाधान केवल बातचीत और कूटनीति के रास्ते ही संभव है।

प्रधानमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि भारत शांति बहाली के लिए किए जा रहे हर सार्थक प्रयास में सहयोग देने को तैयार है। दोनों नेताओं ने आपसी हितों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने और दोनों देशों के नागरिकों को इसका लाभ पहुंचाने पर भी चर्चा की।

कीव पर रूस का बड़ा हमला, 9 लोग घायल

मोदी और जेलेंस्की की बातचीत से पहले शनिवार तड़के यूक्रेन की राजधानी कीव में रूस ने बड़े पैमाने पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए थे। रातभर चले हमलों में कम से कम नौ लोग घायल हुए, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है। कई आवासीय इमारतों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को नुकसान पहुंचा। हमलों का असर बिजली और पानी की आपूर्ति पर भी पड़ा।

यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की के मुताबिक, रूस ने कीव और आसपास के इलाकों को निशाना बनाते हुए 36 बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। इसके अलावा राजधानी समेत यूक्रेन के 12 अन्य क्षेत्रों में 172 ड्रोन से हमले किए गए। जेलेंस्की ने आरोप लगाया कि रूस अहम बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर संभावित त्रिपक्षीय वार्ता से पहले दबाव बनाने की कोशिश कर रहा है।

बिजली-पानी की व्यवस्था प्रभावित, नॉर्दर्न ब्रिज भी बंद

रूसी हमलों में कीव के कई हिस्सों में इमारतों और व्यावसायिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचा। कीव के मेयर विताली क्लित्स्को ने बताया कि कीव और झितोमिर क्षेत्रों में ऊर्जा से जुड़े प्रतिष्ठानों पर भी हमले का असर पड़ा है। शहर की जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित होने के बाद हालात और मुश्किल हो गए।

सुरक्षा और हालात को देखते हुए अधिकारियों ने नीप्रो नदी के पूर्वी किनारे के बड़े रिहायशी इलाकों को जोड़ने वाले 816 मीटर लंबे नॉर्दर्न ब्रिज को भी बंद कर दिया।

धमाकों से कांपे घर, बच्चों की रातों की नींद गायब

रूसी हमलों ने आम नागरिकों के बीच दहशत पैदा कर दी। 64 वर्षीय कातेरिना कोर्निचुक ने समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि हमले के दौरान वह अपनी पोती के साथ घर पर मौजूद थीं। पहले विस्फोट के तेज झटके और कंपन के कारण वह और उनके परिवार के सदस्य दीवार से टकरा गए।

उन्होंने बताया कि परिवार गलियारे में था, लेकिन धमाकों का असर इतना तेज था कि संभलना मुश्किल हो गया। कातेरिना के मुताबिक, लगातार हमलों के डर से न तो बच्चे ठीक से सो पा रहे हैं और न ही बड़े लोग चैन से रह पा रहे हैं। उन्होंने बच्चों की परेशानी का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि आखिर इस युद्ध में उनका क्या कसूर है।

अबू धाबी में मंगलवार को होगी चौथे दौर की बातचीत

युद्ध खत्म करने की कोशिशों के बीच रूस, यूक्रेन और अमेरिका के प्रतिनिधि मंगलवार को संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी अबू धाबी में मुलाकात करने वाले हैं। यह तीनों देशों के बीच प्रस्तावित चौथे दौर की त्रिपक्षीय वार्ता होगी।

इस बातचीत में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का प्रशासन मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है। ऐसे में पूरी दुनिया की नजर इस बैठक पर रहेगी कि क्या कूटनीतिक प्रयास रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने की दिशा में कोई ठोस रास्ता निकाल पाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here