Nvidia CEO Scandal: चीनी महिला से रिश्तों के खुलासे के बाद संकट में जेनसन हुआंग, कंपनी ने शुरू की जांच!

0
5

Nvidia CEO Scandal: अमेरिकी टेक जगत की दिग्गज कंपनी Nvidia के संस्थापक और CEO जेनसन हुआंग एक गंभीर विवाद में घिर गए हैं। एक चीनी महिला कारोबारी के साथ उनके कथित करीबी रिश्तों को लेकर अमेरिका की खुफिया एजेंसियों ने चिंता जताई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी एजेंसियों को संदेह है कि संबंधित महिला का चीन की खुफिया व्यवस्था से संबंध था और वह बीजिंग तक संवेदनशील जानकारियां पहुंचा रही थी।

मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया, जब जेनसन हुआंग ने कंपनी के निदेशक मंडल के सामने महिला कारोबारी के साथ अपने अंतरंग संबंधों की बात स्वीकार की। इसके बाद Nvidia ने पूरे प्रकरण की जांच कराने की बात कही है। हालांकि, महिला के जासूसी गतिविधियों में शामिल होने से जुड़े आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।

पत्नी से बेवफाई की बात स्वीकार कर हुआंग ने मांगी माफी

द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, जेनसन हुआंग ने कंपनी के बोर्ड को भेजे गए संदेश में महिला कारोबारी के साथ अपने संबंधों को स्वीकार किया। उन्होंने अपने परिवार से माफी मांगते हुए माना कि उनके इस कदम से पत्नी और बच्चों को तकलीफ पहुंची है।

रिपोर्ट में हुआंग के हवाले से कहा गया है कि उन्होंने अपनी पत्नी के साथ बेवफाई की और उनके इस व्यवहार को किसी भी तरह उचित नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने अपने किए पर गहरा पछतावा भी जताया।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद Nvidia ने मामले की पड़ताल करने का फैसला किया है। गौरतलब है कि Nvidia सेमीकंडक्टर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) चिप बनाने वाली दुनिया की प्रमुख कंपनियों में शामिल है। कंपनी का कारोबार और तकनीक वैश्विक स्तर पर बेहद महत्वपूर्ण माने जाते हैं।

कौन है एलिस हुआंग, जिस पर चीन के लिए जासूसी का संदेह?

न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में जिस महिला का जिक्र किया गया है, उसकी पहचान एलिस हुआंग बताई गई है। उन्हें हुआंग ली नाम से भी जाना जाता है। रिपोर्ट के मुताबिक, वह चीनी नागरिक हैं और सिंगापुर की डेटा सेंटर कंपनी ‘मेगास्पीड’ में वरिष्ठ पद पर कार्यरत हैं।

अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को संदेह है कि एलिस हुआंग ने चीन को उन अमेरिकी प्रतिबंधों से बचने में मदद की, जिनका मकसद अत्याधुनिक AI चिप्स तक चीन की पहुंच सीमित करना था। इसी वजह से उनकी गतिविधियां अमेरिकी एजेंसियों की जांच के दायरे में आईं।

Nvidia से 4.8 अरब डॉलर से ज्यादा की चिप खरीद का दावा

इस मामले में मेगास्पीड की भूमिका भी चर्चा में है। रिपोर्ट के मुताबिक, दक्षिण-पूर्व एशिया में Nvidia के बड़े ग्राहकों में शामिल इस कंपनी ने पिछले दो वर्षों के दौरान Nvidia से 4.8 अरब डॉलर से अधिक मूल्य की चिप्स खरीदी हैं।

अमेरिकी एजेंसियों को कथित तौर पर जानकारी मिली थी कि एलिस हुआंग और Nvidia CEO जेनसन हुआंग के बीच नजदीकियां बढ़ी थीं। ऐसे में महिला की भूमिका, कंपनी के साथ उसके कारोबारी संबंध और संवेदनशील तकनीक से जुड़े संभावित पहलुओं की जांच को अहम माना जा रहा है।

फिलहाल इस पूरे मामले में कई गंभीर सवालों के जवाब सामने आना बाकी हैं। खास तौर पर यह स्पष्ट होना जरूरी है कि क्या महिला ने वास्तव में चीन को प्रतिबंधित AI तकनीक तक पहुंच बनाने में मदद की और क्या इस मामले का Nvidia के कारोबारी हितों या सुरक्षा से कोई संबंध है। जांच के नतीजों से ही इन आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here