Delhi Pollution: दिवाली के जश्न के बाद राजधानी दिल्ली की हवा में प्रदूषण का स्तर बेहद खतरनाक हो गया। पटाखों से निकले धुएं ने पूर्वी और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के कई इलाकों को धुंध की मोटी चादर में ढक दिया। हालात ऐसे बन गए कि रात में सड़कों पर जलने वाली स्ट्रीट लाइट की रोशनी भी दूर तक नहीं पहुंच पा रही थी। कई प्रमुख मार्गों पर दृश्यता कम होने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। खासकर बाइक सवारों और पैदल चलने वालों के लिए आगे का रास्ता देखना मुश्किल हो गया।
पूर्वी दिल्ली की सड़कों पर छाई धुएं की मोटी परत
दिवाली की रात आनंद विहार, गाजीपुर, पटपड़गंज, विकास मार्ग, मयूर विहार और अक्षरधाम के आसपास प्रदूषण का असर साफ दिखाई दिया। इन इलाकों में हवा में मौजूद धुएं और धुंध के कारण सड़कों पर दृश्यता काफी कम हो गई थी।
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के वजीराबाद रोड, भजनपुरा, यमुना विहार, मौजपुर, सीलमपुर, जाफराबाद, गोकलपुरी और लोनी रोड के आसपास भी यही स्थिति देखने को मिली। आम दिनों में स्ट्रीट लाइट की रोशनी दूर तक फैलती है, लेकिन इस बार प्रदूषण की मोटी परत ने रोशनी को सीमित कर दिया। नतीजतन, वाहन चालकों को धीमी रफ्तार से गाड़ियां चलानी पड़ीं और सड़क पर अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ी।
दिल्ली के 20 मॉनिटरिंग स्टेशनों पर AQI गंभीर श्रेणी में
राजधानी में प्रदूषण की भयावह स्थिति का अंदाजा वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों के आंकड़ों से लगाया जा सकता है। 8 नवंबर की रात 10 बजे तक दिल्ली के कुल 59 निगरानी केंद्रों में से 20 पर एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) गंभीर श्रेणी में दर्ज किया गया था। इस दौरान दिल्ली का औसत AQI 371 रहा।
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार में स्थिति सबसे चिंताजनक रही, जहां AQI बढ़कर 463 तक पहुंच गया। वहीं विवेक विहार में वायु गुणवत्ता सूचकांक 435 दर्ज किया गया। पटपड़गंज में भी शाम 6 बजे तक AQI का स्तर 432 पर पहुंच चुका था।
इन आंकड़ों से साफ है कि दिवाली के बाद पूर्वी और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब हो गई थी। प्रदूषण और कम दृश्यता ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी।

