क्या आप भी मोबाइल डेटा और घर के ब्रॉडबैंड WiFi के लिए अलग रिचार्ज कराते हैं? कैसा रहेगा अगर आपके फोन का अनलिमिटेड 5G डेटा ही घर के Wi‑Fi का काम संभाल ले? देखा जाए, तो टेक्निकल तौर पर ऐसा सेटअप बनाना संभव है। दरअसल आज हर स्मार्टफोन में हाई-स्पीड हॉट-स्पॉट मिल जाता है और टेलीकॉम कंपनियां भी अनलिमिटेड 5G इंटरनेट वाले कई प्लान ऑफर कर रही हैं। हालांकि, यह सेटअप एक जुगाड़ से ज्यादा कुछ साबित नहीं होगा।
इस तरीके से आप भले एक रिचार्ज से दो काम निकाल लें लेकिन इस सेटअप की एक सीमा और अपनी चुनौतियां भी हैं। जैसे कि फोन को हमेशा राउटर के तौर पर चालू और उपलब्ध रखना, अनलिमिटेड डेटा प्लान्स के पीछे छिपी FUP लिमिट और फोन की बैटरी और रेंज की समस्याएं आदि। ऐसे में समझना जरूरी है कि क्यों Wi-Fi का काम मोबाइल हॉटस्पॉट चाहकर भी नहीं कर सकता।
फोन को राउटर बनानें में निम्नलिखित समस्याएं हैं:
फोन के अनलिमिटेड डेटा प्लान का फायदा घर में WiFi की तरह लेने का आइडिया सुनने में अच्छा जरूरी लगता है लेकिन यह प्रैक्टिकल नहीं है। दरअसल फोन में हर समय हॉटस्पॉट ऑन करके रखना अपने आप में एक मुश्किल काम है।इससे न सिर्फ आपके फोन की बैटरी और लाइफ पर असर पड़ेगा बल्कि फोन से अलग-अलग डिवाइस के कनेक्ट होने से फोन काफी गर्म भी होगा। इसके अलावा फोन को राउटर की तरह दो और वजहों से इस्तेमाल करना मुश्किल हो जाता है।
पहली, फोन पर कॉल आने पर आपका हॉटस्पॉट काम करना बंद कर देगा और तमाम कनेक्टेड डिवाइस डिस्कनेक्ट हो जाएंगे। दूसरा, फोन के घर से बाहर जाते ही उससे कनेक्टेड सभी डिवाइस काम करना बंद कर देंगे।
अगर आपको लगता है कि मोबाइल डेटा के तौर पर मिलने वाला अनलिमिटेड 5G वाकई में अनलिमिटेड होता है, तो ऐसा नहीं है। ये अनलिमिटेड प्लान कैपिंग के साथ आते हैं और महीनेभर में आप सिर्फ 200 या 300GB डेटा तक ही इस्तेमाल कर सकते हैं।
वहीं Wi-Fi कनेक्शन में यह लिमिट 1 या 2 TB तक होती है, जो कि मोबाइल डेटा प्लान के मुकाबले काफी ज्यादा होती है।
ऐसे में संभव है कि अगर आप घर में 4K स्ट्रीमिंग, गेमिंग या भारी डाउनलोडिंग करें, तो यह लिमिट आपके आड़े आ सकती है।
एक ब्रॉडबैंड राउटर के मुकाबले में फोन के हॉटस्पॉट की रेंज काफी सीमित होती है। एक फोन से आप पूरे घर में स्टेबल रेंज नहीं पा सकते। इसके लिए आपको राउटर की जरूरत पड़ेगी ताकि आप पूरे घर में आसानी से इंटरनेट चला सकें।
इसके अलावा फोन के मुकाबले एक राउटर से 30 से 50 डिवाइस कनेक्ट किए जा सकते हैं। वहीं फोन पर 4 से 6 डिवाइस कनेक्ट होने पर ही नेटवर्क कंजेशन होने लगता है। ऐसे में फोन के साथ जरूरत से ज्यादा डिवाइस कनेक्ट होने पर लेटेंसी बढ़ जाती है और इंटरनेट स्पीड गिर जाती है।
निम्नलिखित स्थिति में फोन को Wi-Fi बनाया जा सकता है:
अगर आपके पास कोई एक्स्ट्रा फोन है जिसे आप हमेशा के लिए चार्जिंग पर लगाकर छोड़ सकते हैं और जिसे घर से बाहर ले जाने की भी जरूरत नहीं है, तो आप एक फोन को राउटर की तरह इस्तेमाल कर सकते हैं।
अगर आप महीने भर में 200-300 GB से ज्यादा डेटा नहीं करेंगे, तो आप मोबाइल डेटा प्लान को Wi-Fi प्लान की तरह इस्तेमाल करने के बारे में सोच सकते हैं।
अगर आप घर में स्मार्ट डिवाइस इस्तेमाल नहीं करते और फोन से ज्यादा से ज्यादा 4-5 डिवाइस कनेक्ट होंगे, तो फोन को घर के WiFi की तरह इस्तेमाल किया जा सकता है।
हालांकि, बेहतर अनुभव के लिए आपको WiFi ब्रॉडबैंड कनेक्शन का ही इस्तेमाल करना चाहिए।

