खाना खाने के बाद पेट भारी लगना, बार-बार अपच होना या भूख कम लगना जैसी समस्याओं को अक्सर लोग गैस, एसिडिटी या खराब खानपान का नतीजा मानकर नजरअंदाज कर देते हैं। कई बार ये परेशानियां सामान्य पाचन संबंधी समस्याओं के कारण होती हैं, लेकिन यदि लक्षण लगातार बने रहें, बढ़ने लगें या इनके साथ बिना कोशिश वजन कम होने लगे, तो तुंरत डॉक्टर से जांच करानी चाहिए। कुछ मामलों में ये पेट के कैंसर के संकेत भी हो सकते हैं।
पेट का कैंसर तब विकसित होता है, जब पेट की अंदरूनी परत की कोशिकाएं असामान्य रूप से बढ़ने लगती हैं। शुरुआती अवस्था में इसके लक्षण बहुत हल्के हो सकते हैं या दिखाई ही नहीं देते। इसी वजह से इसे समय रहते पहचानना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। नेशनल कैंसर इंस्टीट्यूट के अनुसार, शुरुआती पेट के कैंसर में अपच, पेट में असहजता, भोजन के बाद पेट फूलना, हल्की मतली और भूख कम लगने जैसे लक्षण हो सकते हैं। हालांकि, इन लक्षणों का मतलब यह नहीं है कि व्यक्ति को कैंसर ही है।
पेट के कैंसर की शुरुआती पहचान मुश्किल होने का एक प्रमुख कारण इसके लक्षणों का सामान्य पाचन समस्याओं से मिलता-जुलता होना है। हल्की अपच, पेट में भारीपन, गैस, मतली या भूख में कमी जैसी परेशानियां एसिडिटी, गैसट्राइटिस और दूसरी गैर-कैंसर स्थितियों में भी हो सकती हैं। कुछ लोगों में बीमारी शुरुआती दौर में कोई स्पष्ट लक्षण पैदा नहीं करती है।
पेट के कैंसर के निम्नलिखित शुरुआती संकेत हो सकते हैं:
बार-बार अपच और पेट फूलना: एनएचएस के अनुसार कभी-कभार अपच होना आम बात है, लेकिन यदि बार-बार खाना खाने के बाद पेट में असहजता, ऊपरी पेट में दर्द, जलन, डकार या पेट फूलने की समस्या होने लगे, तो इसके कारण को समझना जरूरी है। पेट के कैंसर में भी ऐसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं, खासकर जब वे नए हों या पहले की तुलना में ज्यादा परेशान करने लगें। हालांकि, इन लक्षणों के पीछे एसिड रिफ्लक्स, गैसट्राइटिस या अन्य पाचन संबंधी समस्याएं भी हो सकती हैं। इसलिए केवल अपच को कैंसर का संकेत नहीं मानना चाहिए। चिंता तब अधिक होती है, जब लक्षण लगातार बने रहें, सामान्य उपायों से ठीक न हों या इनके साथ दूसरे जोखिम लक्षण भी दिखाई दें।
थोड़े खाने के बाद ही पेट भरा महसूस होना:
यदि पहले आप सामान्य मात्रा में खाना खा लेते थे, लेकिन अब कुछ निवाले खाने के बाद ही पेट भरा हुआ महसूस होने लगे, तो इस बदलाव पर ध्यान देना चाहिए। कुछ मामलों में पेट के कैंसर में भी यह लक्षण दिखाई दे सकता है, हालांकि इसके अन्य कारण भी हो सकते हैं।
अमेरिकन कैंसर सोसाइटी के अनुसार जल्दी पेट भरने की वजह से व्यक्ति भोजन की मात्रा कम कर सकता है। यदि यह समस्या लंबे समय तक बनी रहती है, तो शरीर को पर्याप्त एनर्जी और पोषक तत्व नहीं मिल पाते। इसके साथ भूख कम लगना या वजन घटना भी हो सकता है। लेकिन, इसे पेट के कैंसर का संभावित लक्षण माना ज सकता है।
बिना कोशिश के वजन कम होना:
यदि आपने डाइट में बदलाव नहीं किया, व्यायाम नहीं बढ़ाया और फिर भी वजन लगातार घट रहा है, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। बिना किसी स्पष्ट कारण के वजन कम होना पेट के कैंसर सहित कई गंभीर बीमारियों का संकेत हो सकता है।
नेशनल कैंसर इंस्टीट्यूट के मुताबिक पेट के कैंसर में भूख कम लगना, थोड़े भोजन से पेट भर जाना और पाचन संबंधी परेशानी होने के कारण व्यक्ति कम खाना खा सकता है। बीमारी के कारण शरीर की सामान्य प्रक्रियाएं भी प्रभावित हो सकती हैं। इन कारणों से वजन घट सकता है, लेकिन हर व्यक्ति में इसका अनुभव एक जैसा नहीं होता। ध्यान दें कि वजन कम होने के पीछे थायरॉइड की समस्या, डायबिटीज, संक्रमण, तनाव और दूसरी स्वास्थ्य स्थितियां भी हो सकती हैं। इसलिए बिना कोशिश वजन घटने पर स्वयं कोई निष्कर्ष निकालने के बजाय डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
भूख कम होना और लगातार कमजोरी:अमेरिकन कैंसर सोसाइटी के अनुसार कई दिनों तक भूख कम लगना, खाने में रुचि घट जाना या सामान्य से जल्दी थकान महसूस करना भी ध्यान देने योग्य बदलाव हैं। पेट के कैंसर में भूख कम होने के साथ मतली, पेट में परेशानी और जल्दी पेट भरने जैसे लक्षण हो सकते हैं। यदि व्यक्ति पर्याप्त भोजन नहीं कर पा रहा है, तो उसे कमजोरी भी महसूस हो सकती है।
यदि कमजोरी लगातार बनी रहती है, भूख में स्पष्ट कमी आती है या इसके साथ वजन घटने लगता है, तो डॉक्टर से सलाह लें। जरूरत के अनुसार डॉक्टर रक्त जांच और अन्य परीक्षणों की सलाह दे सकते हैं।
कुछ मामलों में पाचन तंत्र में धीरे-धीरे रक्तस्राव होने से शरीर में खून की कमी यानी Anemia हो सकती है। इससे थकान, कमजोरी, चक्कर आना या सांस फूलना जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। हालांकि, कमजोरी और भूख में कमी के कई अन्य कारण भी होते हैं, इसलिए इन लक्षणों के आधार पर कैंसर का निदान नहीं किया जा सकता।
मल में कालापन या उल्टी में खून आना: जॉन्स हॉपकिन्स के अनुसार मल का काला, चिपचिपा या तारकोल जैसा दिखाई देना पाचन तंत्र में रक्तस्राव का संकेत हो सकता है। इसी तरह उल्टी में ताजा खून या कॉफी के चूरे जैसा गहरा पदार्थ दिखना भी गंभीर लक्षण है। पेट में रक्तस्राव का संकेत हो सकता है। यह समस्या अल्सर, कुछ दवाओं और पाचन तंत्र की अन्य समस्याओं से भी ऐसा हो सकती है। लेकिन कुछ मामलों में यह लक्षण पेट के कैंसर की ओर भी इशारा करता है।
पेट के कैंसर के शुरुआती लक्षण कई बार सामान्य पाचन समस्याओं जैसे लग सकते हैं। बार-बार अपच, पेट फूलना, थोड़े खाने के बाद पेट भर जाना, बिना कोशिश वजन कम होना और लगातार कमजोरी जैसे बदलावों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। मल में कालापन या उल्टी में खून दिखना विशेष रूप से गंभीर संकेत हो सकता है। इन लक्षणों का अर्थ यह नहीं कि कैंसर ही है, लेकिन लगातार बने रहने या बिगड़ने पर मेडिकल जांच जरूरी है। समय पर सही जांच और निदान से बीमारी की पहचान और उपचार की योजना बनाने में मदद मिल सकती है।

