मधुबनी: बिहार के मधुबनी जिले में नाबालिग बालिकाओं को कथित तौर पर आर्केस्ट्रा में काम कराने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में एक साथ विशेष छापेमारी अभियान चलाकर 40 नाबालिग बालिकाओं को रेस्क्यू किया। इस कार्रवाई के दौरान आर्केस्ट्रा संचालक समेत 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
कई थाना क्षेत्रों में एक साथ हुई छापेमारी
पुलिस के अनुसार, अपर पुलिस महानिदेशक (कमजोर वर्ग), बिहार और मिशन मुक्ति फाउंडेशन के निर्देश के बाद यह अभियान चलाया गया। वरीय पुलिस अधीक्षक के आदेश पर 14 और 15 सितंबर की रात पुलिस, महिला थाना, मानवाधिकार संस्था और चाइल्डलाइन टीम की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।
बासोपट्टी, अरेर, बेनीपट्टी, खजौली और लौकहा समेत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में संचालित आर्केस्ट्रा में छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान कुल 40 नाबालिग बालिकाओं को सुरक्षित रेस्क्यू कर महिला थाना, मधुबनी लाया गया।
संचालक समेत 15 लोग गिरफ्तार

पुलिस ने प्रथम दृष्टया नाबालिग बालिकाओं को आर्केस्ट्रा में काम कराने और कथित शोषण के मामले में संचालक समेत 12 पुरुष और 3 महिला कर्मियों को गिरफ्तार किया है। मामले में महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ BNS, JJ Act, Bonded Labour (Abolition) Act और POCSO Act समेत संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुरुष आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की गई है।
CWC के सामने पेश की जाएंगी रेस्क्यू की गई बालिकाएं
पुलिस ने बताया कि रेस्क्यू की गई सभी नाबालिग बालिकाओं के संबंध में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद उन्हें बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
पूरे अभियान का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक, साइबर थाना के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने किया। कार्रवाई में महिला थाना, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU), CCTNS और पुलिस केंद्र के अधिकारी एवं जवान शामिल रहे।

