Bihar Food Safety Action: बिहार में खाद्य पदार्थों में मिलावट और एक्सपायर्ड सामान की बिक्री के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। स्वास्थ्य सचिव-सह-खाद्य संरक्षा आयुक्त कुमार रवि के निर्देश पर पटना, हाजीपुर और दरभंगा में खाद्य सुरक्षा टीमों ने जांच और छापेमारी कर बड़ी मात्रा में खराब, मिलावटी और असुरक्षित खाद्य सामग्री नष्ट कराई।

कार्रवाई के दौरान हाजीपुर में 72 किलो मिलावटी पनीर, दरभंगा में 21 लीटर एक्सपायर्ड दूध और 18 किलो खराब पनीर नष्ट कराया गया। वहीं पटना के फतुहा में दूध के नमूने में फॉर्मेलिन पाए जाने के बाद करीब 126 लीटर दूध को नष्ट कराया गया।
हाजीपुर में 72 किलो मिलावटी पनीर पकड़ा
वैशाली के हाजीपुर स्टेशन रोड पर जांच के दौरान सुधीर किराना दुकान से 14 किलो पनीर मिला, जिसमें स्टार्च की मिलावट पाई गई। इसके अलावा श्री गणेश पनीर हाउस से 58 किलो पनीर में भी स्टार्च की मौजूदगी सामने आई। दोनों जगहों से बरामद पनीर को मौके पर नष्ट कराया गया। टीम ने आवश्यक नमूने भी जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

दरभंगा में एक्सपायर्ड दूध-पनीर पर कार्रवाई
दरभंगा के बेनीपुर स्थित आशापुर चौक के सुधा मिल्क पार्लर की जांच में 21 लीटर एक्सपायर्ड दूध और 18 किलो खराब पनीर पाया गया। खाद्य सुरक्षा मानकों के तहत दोनों को तत्काल नष्ट कराया गया। जांच के लिए अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने भी लिए गए हैं।
फतुहा में दूध में मिला फॉर्मेलिन, 126 लीटर दूध कराया नष्ट
पटना के सबलपुर, फतुहा इलाके में राजीव डेयरी की जांच के दौरान दूध के नमूने में फॉर्मेलिन की मौजूदगी पाई गई। इसके बाद करीब 126 लीटर दूध को नष्ट कराया गया। अधिकारियों ने आगे की जांच के लिए नमूने भी सुरक्षित किए हैं।

Food Supplements यूनिट पर संयुक्त छापेमारी
फतुहा थाना क्षेत्र के बाजितपुर स्थित Alexa Foods and Supplements परिसर में भी संयुक्त टीम ने जांच की। कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ औषधि निरीक्षक, आयुष निदेशालय और पुलिस के अधिकारी शामिल रहे।
जांच के दौरान Food Supplements, कच्चा माल, निर्माण उपकरण और तैयार-अर्धनिर्मित उत्पाद मिले। इनकी जांच के लिए कुल 6 नमूने संग्रहित किए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार निरीक्षण में Food Supplements के अलावा कोई अन्य औषधि या संदिग्ध पदार्थ नहीं मिला। दस्तावेजों और प्रयोगशाला रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
मिलावट पर सख्त रुख, आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई

स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि ने स्पष्ट किया है कि लोगों की सेहत से जुड़े मामलों में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। खाद्य कारोबारियों को सुरक्षित और निर्धारित मानकों के अनुरूप सामान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि मिलावटी, खराब, एक्सपायर्ड या असुरक्षित खाद्य सामग्री का भंडारण और बिक्री किसी भी हालत में स्वीकार नहीं होगी। विभाग की ओर से आगे भी जांच, नमूना संग्रह और जरूरत के अनुसार कार्रवाई जारी रखी जाएगी।

