भारत और अमेरिका के रिश्तों को लेकर अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने बयान दिया है। उन्होंने दोनों देशों के बीच रक्षा, व्यापार और कूटनीति के क्षेत्र में बढ़ती साझेदारी की तारीफ की।साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के रिश्तों को लेकर भी अहम बात कही।
सर्जियो गोर ने कहा कि जी20 शिखर सम्मेलन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप जिन नेताओं से मिलना चाहेंगे, उनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबसे ऊपर हो सकते हैं। गोर ने दोनों नेताओं के बीच अच्छे व्यक्तिगत संबंधों और भारत-अमेरिका के बीच लगातार मजबूत होते रिश्तों को इसकी बड़ी वजह बताया। अमेरिकी राजदूत ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि दिसंबर में जी20 शिखर सम्मेलन के लिए प्रधानमंत्री मोदी की फ्लोरिडा यात्रा सिर्फ सम्मेलन तक सीमित नहीं रहेगी। हालांकि, अभी तक मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच अलग से द्विपक्षीय बैठक की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
मीडिया के साथ बातचीत में गोर ने यह भी संकेत दिया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अगले साल भारत आ सकते हैं। उन्होंने बताया कि ट्रंप साल 2020 की अपनी भारत यात्रा को अब भी याद करते हैं और उस दौरे को लेकर उनकी अच्छी यादें हैं।
गोर ने कहा कि जब भी मेरी राष्ट्रपति ट्रंप से बात होती है, वह भारत की अपनी शानदार यात्रा को याद करते हैं। उन्हें यहां के लोग और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मुलाकात भी याद रहती है। उन्होंने आगे कहा कि अगले साल ट्रंप की भारत यात्रा को लेकर इंतजार करें, क्योंकि अगले साल आने में अब ज्यादा समय नहीं है।

