Women Asia Cup 2026: भारतीय महिला क्रिकेट की स्टार ओपनर स्मृति मंधाना ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नया इतिहास रच दिया। 2026 महिला एशिया कप में हांगकांग के खिलाफ मुकाबले में मंधाना ने धमाकेदार शतक जड़कर दो बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए।
मंधाना ने महज 64 गेंदों पर 124 रन बनाए। उनकी पारी में 14 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। यह महिला एशिया कप के टी20 प्रारूप में किसी बल्लेबाज का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बताया जा रहा है।
इस शतक के साथ मंधाना के अंतरराष्ट्रीय शतकों की संख्या 18 हो गई। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की मेग लैनिंग और दक्षिण अफ्रीका की लॉरा वोल्वार्ड्ट को पीछे छोड़ते हुए महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया।
मिताली राज का रिकॉर्ड भी टूटा
शानदार पारी के दौरान स्मृति मंधाना ने कुल अंतरराष्ट्रीय रनों के मामले में भी नया मुकाम हासिल किया। उन्होंने 10,869 रन पूरे करते हुए भारत की पूर्व कप्तान मिताली राज (10,868 रन) को पीछे छोड़ दिया।
महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक
18 – स्मृति मंधाना
17 – मेग लैनिंग
17 – लॉरा वोल्वार्ड्ट
15 – हेले मैथ्यूज
14 – सुजी बेट्स
14 – टैमी ब्यूमोंट
सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय रन
- 10,869* – स्मृति मंधाना
- 10,868 – मिताली राज
- 10,740 – सुजी बेट्स
- 10,273 – चार्लोट एडवर्ड्स
- 10,007 – स्टैफनी टेलर
भारत ने खड़ा किया 193 रन का स्कोर
मंधाना की विस्फोटक पारी की बदौलत भारतीय टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 193 रन बनाए। उनके अलावा शेफाली वर्मा ने 17 गेंदों में 28 रन की उपयोगी पारी खेली, जिसमें 3 चौके और 2 छक्के शामिल रहे।
हांगकांग की ओर से मरीना लैम्पलोफ सबसे सफल गेंदबाज रहीं और उन्होंने दो विकेट हासिल किए। हालांकि, भारतीय पारी का सबसे बड़ा आकर्षण स्मृति मंधाना की रिकॉर्डतोड़ बल्लेबाजी रही।

