Bihar News: बिहार सरकार का बड़ा ऐलान! TRE-4 में 478 शिक्षकों की होगी बहाली, छात्रों को मिलेगी आर्थिक मदद, नौकरी और बेहतर पढ़ाई का बड़ा मौका

0
3

पटना: बिहार सरकार ने पिछड़ा वर्ग और अत्यंत पिछड़ा वर्ग के छात्रों के लिए कई बड़ी घोषणाएं करते हुए शिक्षा, रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर बड़ा रोडमैप पेश किया है। पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की मंत्री रमा निषाद ने विभाग की उपलब्धियों और आगामी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि TRE-4 के तहत विभागीय आवासीय विद्यालयों में 478 शिक्षकों की बहाली की जाएगी। वहीं, छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों का मासिक भत्ता ₹1000 से बढ़ाकर ₹2000 कर दिया गया है और उन्हें 15 किलोग्राम मुफ्त राशन भी दिया जा रहा है।

सूचना भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में विभाग के अपर मुख्य सचिव के. सेंथिल कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य पिछड़ा और अत्यंत पिछड़ा वर्ग के छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी और रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराना है।

TRE-4 के तहत होगी 478 शिक्षकों की भर्ती

विभाग द्वारा संचालित अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय +2 विद्यालयों में TRE-4 के तहत कुल 478 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इनमें 230 PGT, 129 TGT, 103 प्रारंभिक शिक्षक (कक्षा 6-8) और 16 प्रधानाध्यापक के पद शामिल हैं। इसके लिए अधियाचना भेज दी गई है।

70वीं BPSC में योजना के 101 अभ्यर्थियों ने पाई सफलता

मुख्यमंत्री अत्यंत पिछड़ा वर्ग सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना के तहत अब तक 9,224 अभ्यर्थियों को आर्थिक सहायता मिल चुकी है। हाल ही में घोषित 70वीं BPSC परीक्षा के अंतिम परिणाम में इस योजना के 101 लाभार्थियों ने सफलता हासिल की है। सरकार UPSC, BPSC समेत कई अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ₹30 हजार से ₹1 लाख तक की सहायता राशि DBT के माध्यम से दे रही है।

छात्रवृत्ति और आर्थिक सहायता में बड़ा इजाफा

सरकार ने प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति की राशि दोगुनी कर दी है। वर्ष 2025-26 में 57.16 लाख से अधिक छात्रों को इसका लाभ मिला है। वहीं पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के तहत 5.37 लाख से ज्यादा विद्यार्थियों को सहायता दी गई। इसके अलावा मुख्यमंत्री मेधावृत्ति योजना के तहत लाखों छात्रों को ₹10,000 की प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराई गई।

हॉस्टल के छात्रों को बढ़ा भत्ता और मुफ्त राशन

सरकार ने 1 जनवरी 2026 से जननायक कर्पूरी ठाकुर एवं अन्य पिछड़ा वर्ग छात्रावासों में रहने वाले छात्रों का मासिक भत्ता ₹1000 से बढ़ाकर ₹2000 कर दिया है। साथ ही प्रत्येक छात्र को हर महीने 15 किलोग्राम मुफ्त खाद्यान्न (9 किलो चावल और 6 किलो गेहूं) भी दिया जा रहा है।

JEE-NEET और विदेश में पढ़ाई के लिए आएगी नई योजना

मंत्री रमा निषाद ने बताया कि सरकार जल्द ही ‘मुख्यमंत्री पिछड़ा वर्ग एवं अत्यंत पिछड़ा वर्ग अभ्युदय योजना’ शुरू करेगी। इसके तहत JEE, NEET, CLAT, NIFT जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के साथ-साथ विदेश में उच्च शिक्षा के लिए भी आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके अलावा नए आवासीय विद्यालय और छात्रावास बनाए जाएंगे तथा छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों को ₹50 हजार तक का लैपटॉप उपलब्ध कराने की दिशा में भी सरकार काम कर रही है।

मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य पिछड़ा और अत्यंत पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगार के क्षेत्र में अधिक अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें मुख्यधारा में सशक्त बनाना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here