Bihar Agriculture News: बिहार में किसानों को खराब और अमानक बीज बेचने वाली कंपनियों पर अब सख्त कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है। कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने स्पष्ट कर दिया है कि बीज की गुणवत्ता के साथ किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से पिछले तीन वर्षों में अमानक पाए गए बीजों और संबंधित कंपनियों पर की गई कार्रवाई का पूरा ब्योरा तलब किया है।
बुधवार को पटना स्थित कृषि भवन में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में कृषि मंत्री ने बीज विश्लेषण प्रयोगशालाओं और राजकीय बीज गुणन प्रक्षेत्रों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने किसानों को गुणवत्तापूर्ण और प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने के लिए राज्यभर में बीज जांच व्यवस्था को और मजबूत बनाने का निर्देश दिया।
31 जिलों में बीज जांच लैब को मिलेगी मजबूती
बैठक में बताया गया कि बिहार सरकार ने 31 जिला स्तरीय बीज विश्लेषण प्रयोगशालाओं की स्थापना को मंजूरी दे दी है। कृषि मंत्री ने अधिकारियों से पूछा कि इन प्रयोगशालाओं की स्थापना कब शुरू हुई और वर्तमान में इनके विस्तार की क्या स्थिति है। उन्होंने कहा कि आधुनिक और प्रभावी प्रयोगशालाएं किसानों को बेहतर बीज उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
खराब बीज बेचने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
कृषि मंत्री ने कहा कि हर साल किसानों की ओर से बाजार में बिक रहे अमानक बीजों की शिकायतें मिलती हैं। ऐसे मामलों में संबंधित कंपनियों पर क्या कार्रवाई हुई, इसकी विस्तृत रिपोर्ट विभाग को उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने साफ कहा कि यदि जांच में किसी बीज की गुणवत्ता निर्धारित मानकों से कम पाई जाती है तो संबंधित कंपनी के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। किसानों के हितों की रक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मजबूत होगी प्रमाणित बीज उत्पादन श्रृंखला
समीक्षा बैठक में राजकीय बीज गुणन प्रक्षेत्रों की कार्यप्रणाली पर भी चर्चा हुई। कृषि मंत्री ने निर्देश दिया कि मौसम और कृषि कैलेंडर के अनुरूप आधार बीज (Foundation Seed) के उत्पादन को बढ़ावा दिया जाए। साथ ही बिहार राज्य बीज निगम के माध्यम से आधार बीज से प्रमाणित बीज (Certified Seed) उत्पादन की पूरी श्रृंखला को और अधिक मजबूत बनाया जाए।
उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है और इसके लिए सभी विभागीय एजेंसियों को समन्वय के साथ काम करना होगा।
कृषि उत्पादन बढ़ाने में गुणवत्तायुक्त बीज सबसे अहम
विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि बेहतर कृषि उत्पादन की नींव गुणवत्तायुक्त बीज हैं। यदि किसानों को सही समय पर उच्च गुणवत्ता वाले बीज उपलब्ध होंगे तो उत्पादन बढ़ेगा और किसानों की आय में भी वृद्धि होगी। राज्य सरकार इसी दिशा में लगातार काम कर रही है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बीज उत्पादन, भंडारण, परीक्षण और वितरण की पूरी प्रक्रिया पर नियमित निगरानी रखी जाए ताकि किसानों तक केवल प्रमाणित और गुणवत्ता युक्त बीज ही पहुंच सके।

