Bihar News: बिहार को डिजिटल और तकनीकी विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से बुधवार को नई दिल्ली स्थित बिहार भवन में गूगल इंडिया के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और डिजिटल तकनीक के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई।
गूगल इंडिया के वाइस प्रेसिडेंट चंदू थोटा के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई इस महत्वपूर्ण बैठक में बिहार को टेक्नोलॉजी और इनोवेशन का नया हब बनाने पर जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने गूगल को बिहार में अपना ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) स्थापित करने का औपचारिक आमंत्रण भी दिया।
बिहार GCC Policy 2026 को मिलेगा बड़ा बूस्ट
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) नीति 2026 की विशेषताओं की जानकारी देते हुए गूगल इंडिया को राज्य में निवेश और तकनीकी विस्तार के लिए आमंत्रित किया। सरकार का मानना है कि यदि वैश्विक तकनीकी कंपनियां बिहार में अपने सेंटर स्थापित करती हैं तो राज्य में रोजगार, स्किल डेवलपमेंट और डिजिटल इकोसिस्टम को नई गति मिलेगी।
शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि में तकनीकी सहयोग पर चर्चा
बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ। दोनों पक्षों ने डिजिटल प्लेटफॉर्म, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डेटा आधारित सेवाओं के माध्यम से आम लोगों तक बेहतर सुविधाएं पहुंचाने की संभावनाओं पर चर्चा की।
बिहार के डिजिटल भविष्य पर फोकस
मुख्यमंत्री और गूगल इंडिया के प्रतिनिधियों के बीच बिहार में डिजिटल परिवर्तन को तेज करने के लिए दीर्घकालिक साझेदारी विकसित करने पर सहमति बनी। यह पहल राज्य में आईटी निवेश, स्टार्टअप संस्कृति और टेक्नोलॉजी आधारित रोजगार के नए अवसरों का रास्ता खोल सकती है। बैठक में सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह भी मौजूद रहे।

