Bihar News: बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए बिहार सरकार पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग की ओर से आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में मुख्य सचिव Pratyaya Amrit ने सभी जिलों के डीएम, एसपी, डीआईजी और आईजी को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई इस अहम बैठक में मुख्य सचिव ने कहा कि बकरीद के दौरान पूरे राज्य में प्रशासन सतर्क रहे और किसी भी तरह की गड़बड़ी या तनाव की स्थिति पैदा न होने दी जाए। उन्होंने अधिकारियों को सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने और असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर बनाए रखने का निर्देश दिया।
संवेदनशील इलाकों में रूट मार्च, पुलिस बल रहेगा तैनात
बैठक में बिहार के डीजीपी Vinay Kumar ने कहा कि तीन दिनों तक चलने वाले इस पर्व को पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया जाएगा।
उन्होंने निर्देश दिया कि कुर्बानी स्थलों और संवेदनशील इलाकों में दंगा नियंत्रण बल, जिला पुलिस और अतिरिक्त सुरक्षा बलों द्वारा लगातार रूट मार्च किया जाए। साथ ही दंगा नियंत्रण वाहन और बॉडी प्रोटेक्टिव सूट की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।
डीजीपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि उपद्रवी तत्वों की पहचान कर उन्हें एहतियातन हिरासत में लिया जाए और सभी थानों में पेट्रोलिंग व रात की गश्ती बढ़ाई जाए।
सुबह 4 बजे से शुरू होगा फ्लैग मार्च
स्पेशल ब्रांच और एसटीएफ के पुलिस महानिदेशक Kundan Krishnan ने कहा कि सभी जिलों में पुलिस अधिकारी सुबह चार बजे से ही फ्लैग मार्च शुरू कर दें।
उन्होंने मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों और धार्मिक स्थलों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया ताकि सौहार्दपूर्ण माहौल बना रहे। अधिकारियों को स्थानीय स्तर पर बेहतर समन्वय के साथ काम करने और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका होने पर तुरंत कार्रवाई करने को कहा गया।
सरकार की प्राथमिकता: शांति और सौहार्द
बैठक में साफ किया गया कि पूरे राज्य में शांति, सौहार्द और सार्वजनिक सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि त्योहार के दौरान किसी भी अफवाह या भड़काऊ गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जाए।

