Bihar News: CM सम्राट चौधरी का बड़ा ऐलान, बिहार के हर जिले तक पहुंचेगी Four Lane सड़क

0
4

Bihar News: बिहार में सड़क और पुल अवसंरचना को नई ऊंचाई देने की दिशा में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ा निर्देश जारी किया है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि राज्य के सभी जिला मुख्यालयों को फोर लेन सड़क से जोड़ा जाए ताकि लोगों को तेज और बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके।

मंगलवार को लोक सेवक आवास, 1 अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ सभागार में पथ निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने एक्सप्रेस-वे, राष्ट्रीय राजमार्ग और स्टेट हाईवे परियोजनाओं को तेज गति और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।

5 घंटे में पटना पहुंचने के लक्ष्य पर काम

बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि बिहार के सुदूर इलाकों से लोग 5 घंटे के भीतर पटना पहुंच सकें। इसके लिए पूरे राज्य में मजबूत सड़क नेटवर्क विकसित किया जा रहा है।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी निर्माणाधीन एक्सप्रेस-वे, नेशनल हाईवे और स्टेट हाईवे परियोजनाओं को तय समय सीमा में पूरा किया जाए ताकि लोगों को जल्द बेहतर कनेक्टिविटी मिल सके।

पर्यटन, उद्योग और बाजारों को मिलेगा फायदा

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के पर्यटन स्थलों, सांस्कृतिक विरासत क्षेत्रों, औद्योगिक कॉरिडोर, विशेष कृषि उत्पादन क्षेत्रों और प्रमुख बाजारों को बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराया जाए।

सरकार का मानना है कि बेहतर सड़क नेटवर्क से बिहार में उद्योग, व्यापार और पर्यटन को नई गति मिलेगी। साथ ही रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

विक्रमशिला पुल और कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल पर बड़ा अपडेट

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पुलों की गुणवत्ता और मजबूती की नियमित जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञों की रिपोर्ट के आधार पर विक्रमशिला पुल का स्थायी पुनर्स्थापन कार्य कराया जाए।

इसके अलावा बहुप्रतीक्षित कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6 लेन पुल परियोजना का कार्य जुलाई के पहले सप्ताह तक पूरा करने का निर्देश भी दिया गया।

समीक्षा बैठक में कई बड़े अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में उपमुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने विभागीय परियोजनाओं और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here