Bihar News: बिहार में हर घर तक शुद्ध पेयजल की निरंतर और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ा निर्देश जारी किया है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि हर घर नल का जल योजना के तहत सुबह और शाम पानी आपूर्ति की समय-सीमा एक-एक घंटा बढ़ाई जाए ताकि सभी लोगों को पर्याप्त मात्रा में शुद्ध पेयजल मिल सके।
मंगलवार को लोक सेवक आवास, 1 अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ सभागार में लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कई अहम निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि पेयजल से जुड़ी शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाए और इसके लिए अब Artificial Intelligence (AI) तकनीक का भी उपयोग किया जाए।
हर दो-तीन महीने पर होगी पंचायतवार जांच
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शुद्ध पेयजल की गुणवत्ता और उसकी निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक दो-तीन महीने पर पंचायत स्तर पर जांच कराई जाए। इसके साथ ही वार्ड स्तर पर भी नियमित निरीक्षण करने को कहा गया।
उन्होंने कहा कि लोगों तक पहुंच रहा पानी पूरी तरह सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए। इसके लिए निगरानी तंत्र को और मजबूत किया जाए।
30 जून से पहले लगेंगे नए चापाकल
मुख्यमंत्री ने विभाग को निर्देश दिया कि जहां जरूरत है वहां 30 जून 2026 से पहले नए चापाकल लगाए जाएं। साथ ही जलापूर्ति उपकरणों की मरम्मत और अनुरक्षण पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि गर्मी और जल संकट को देखते हुए किसी भी इलाके में पेयजल की समस्या नहीं होनी चाहिए।
भू-जल संरक्षण पर भी सरकार का फोकस
बैठक में मुख्यमंत्री ने भू-जल संरक्षण योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भू-जल स्तर की लगातार मॉनिटरिंग की जाए और उसी के अनुसार भविष्य की कार्ययोजना तैयार कर काम किया जाए।
सरकार का मानना है कि पेयजल आपूर्ति के साथ-साथ भू-जल संरक्षण पर ध्यान देना भी बेहद जरूरी है ताकि आने वाले वर्षों में जल संकट की स्थिति उत्पन्न न हो।
समीक्षा बैठक में कई बड़े अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री संजय कुमार सिंह, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह सहित विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के प्रधान सचिव राजेश कुमार ने विभागीय कार्यों और भविष्य की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

