Bihar News: बिहार में उच्च शिक्षा को गांव और प्रखंड स्तर तक पहुंचाने की दिशा में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया है कि 1 जुलाई 2026 से डिग्री कॉलेज रहित 211 प्रखंडों में डिग्री की पढ़ाई शुरू कराई जाए।
मंगलवार को लोक सेवक आवास, 1 अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ सभागार में उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई बड़े निर्देश दिए।
211 प्रखंडों में खुलेगा नया डिग्री कॉलेज
बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन 211 प्रखंडों में अभी तक डिग्री कॉलेज नहीं हैं, वहां नए महाविद्यालय स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिक्षकों और कर्मचारियों की बहाली के लिए जल्द कमिटी गठित की जाए और सभी रिक्तियों को एक साथ जोड़ा जाए।

उन्होंने कहा कि नए कॉलेज ऐसी जगह बनाए जाएं जहां छात्रों को आने-जाने में परेशानी न हो और सुगम आवागमन उपलब्ध हो।
जमीन दान देने वालों के नाम पर होंगे कॉलेज
मुख्यमंत्री ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि डिग्री कॉलेज स्थापना के लिए जमीन दान देने वाले व्यक्ति या उनके द्वारा अनुशंसित व्यक्ति के नाम पर महाविद्यालय का नामकरण किया जाएगा।
इसके अलावा भवन निर्माण में सहयोग करने वाले लोगों के नाम पर भी कॉलेज परिसर के किसी हिस्से का नाम रखा जाएगा।
Vikramshila University की वापसी की तैयारी तेज
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐतिहासिक विक्रमशिला विश्वविद्यालय को पुनर्स्थापित करने के लिए भारत सरकार को जल्द जमीन हैंडओवर की जाएगी। इसके लिए केंद्र सरकार को पत्र भेजकर सूचित करने का निर्देश भी दिया गया है। यह फैसला बिहार की ऐतिहासिक शिक्षा विरासत को पुनर्जीवित करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
बिहार में बढ़ेंगे Open University और Research Center
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को देश की विभिन्न ओपन यूनिवर्सिटी का अध्ययन करने का निर्देश दिया ताकि बिहार में भी और अधिक Open University स्थापित की जा सके। उन्होंने कहा कि इससे विद्यार्थियों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी और विश्वविद्यालयों पर बढ़ता दबाव भी कम होगा।
साथ ही मुख्यमंत्री ने बिहार के सभी रिसर्च सेंटर और शोध संस्थानों को पुनर्व्यवस्थित कर उन्हें अधिक व्यवस्थित और स्पेशलाइज्ड बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि रिसर्च संस्थान मजबूत होंगे तो सरकार की नीतियों और योजनाओं का बेहतर अध्ययन और मूल्यांकन हो सकेगा।

टॉप यूनिवर्सिटी से होगा MOU
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के महाविद्यालयों को देश के टॉप-10 विश्वविद्यालयों से जोड़ा जाए और इसके लिए एमओयू साइन किया जाए। सरकार का मानना है कि इससे बिहार की शिक्षा व्यवस्था को नई पहचान मिलेगी और दूसरे राज्यों के छात्र भी बिहार आकर पढ़ाई करेंगे।
समीक्षा बैठक में मौजूद रहे कई बड़े अधिकारी
बैठक में उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह टाइगर, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, उच्च शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

