Bihar News: बिहार में औद्योगिक विकास को नई गति देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। उद्योग विभाग, बिहार सरकार के अंतर्गत बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार (BIADA) की प्रोजेक्ट क्लियरेंस कमिटी (PCC) की बैठक में 20 नई औद्योगिक परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इन परियोजनाओं के लिए करीब 30 एकड़ भूमि आवंटित की गई है।
सरकार का अनुमान है कि इन परियोजनाओं के जरिए राज्य में लगभग ₹350 करोड़ का निवेश आएगा, जिससे करीब 2300 लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर तैयार होंगे।
कई सेक्टरों में लगेंगी नई इंडस्ट्रीज
PCC की बैठक उद्योग विभाग के सचिव सह BIADA एवं IDA के प्रबंध निदेशक कुंदन कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। समिति द्वारा जिन परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है, उनमें Food Processing, Software Development, PEB Fabrication, Furniture Manufacturing, PVC और UPVC Pipe Manufacturing, CBG, Healthcare तथा General Manufacturing जैसे कई महत्वपूर्ण सेक्टर शामिल हैं।
इन उद्योगों के स्थापित होने से बिहार में औद्योगिक आधार मजबूत होगा और स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
बिहार के कई औद्योगिक क्षेत्रों में स्थापित होंगी इकाइयां
स्वीकृत औद्योगिक इकाइयां राज्य के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में स्थापित की जाएंगी। इनमें IA कुमारबाग, IGC बेगूसराय, IA हाजीपुर, IA पाटलिपुत्र, IA बरियारपुर और IA सासाराम प्रमुख हैं।
सरकार का मानना है कि इन क्षेत्रों में उद्योगों के आने से स्थानीय युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे और क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी।
उद्योग मंत्री ने कही बड़ी बात
उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि बिहार में लगातार नई औद्योगिक परियोजनाओं को मंजूरी मिलना राज्य के औद्योगिक और तकनीकी विकास के लिए सकारात्मक संकेत है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के जरिए स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार और कौशल आधारित अवसर तैयार होंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि बिहार सरकार निवेशकों के लिए अनुकूल माहौल तैयार कर रही है ताकि राज्य को आधुनिक औद्योगिक और विनिर्माण केंद्र के रूप में विकसित किया जा सके।
निवेशकों के लिए आसान हो रही प्रक्रियाएं
उद्योग विभाग के सचिव सह BIADA एवं IDA के प्रबंध निदेशक कुंदन कुमार ने कहा कि सरकार संतुलित और समग्र औद्योगिक विकास के लिए लगातार काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि BIADA के माध्यम से निवेशकों को पारदर्शी और समयबद्ध प्रक्रिया के तहत औद्योगिक भूखंड उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही बेहतर कनेक्टिविटी, मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर और नीतिगत सहयोग के जरिए उद्योगों के लिए बेहतर वातावरण तैयार किया जा रहा है।
इन कंपनियों को मिली मंजूरी
समिति द्वारा स्वीकृत प्रमुख कंपनियों में Bharat GPS Bioenergy Pvt Ltd, Crispano Foods & Beverage Pvt Ltd, SP Institute of Workforce Development Pvt Ltd, Experia Prefaxo Pvt Ltd, Rayush Healthcare Pvt Ltd और Makhayo Foods Pvt Ltd समेत कई अन्य कंपनियां शामिल हैं।
इन परियोजनाओं के शुरू होने से बिहार में औद्योगिक गतिविधियों को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

