Bihar AI Summit 2026: बिहार अब सिर्फ वर्कफोर्स नहीं, Innovation और Technology Leadership का नया केंद्र बनेगा

0
2

Bihar AI Summit 2026: पटना के ऊर्जा ऑडिटोरियम में शुक्रवार को दो दिवसीय ‘बिहार एआई समिट-2026’ का भव्य शुभारंभ हुआ। इस मौके पर सूचना प्रावैधिकी मंत्री नीतीश मिश्रा ने बिहार को भविष्य का बड़ा टेक्नोलॉजी और इनोवेशन हब बनाने का विजन पेश किया।

उन्होंने कहा कि बिहार अब केवल मानव संसाधन उपलब्ध कराने वाला राज्य नहीं रहेगा, बल्कि आने वाले समय में AI, Innovation और Technology Leadership का नया केंद्र बनकर उभरेगा। मंत्री ने यह भी कहा कि राज्य तेजी से टेक्नोलॉजी आधारित प्रशासन, डिजिटल गवर्नेंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है।

देश-विदेश में रह रहे बिहारियों से खास अपील

समिट के दौरान मंत्री नीतीश मिश्रा ने देश और विदेश में रह रहे बिहार मूल के लोगों से राज्य के विकास में भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि बिहार में निवेश, स्टार्टअप, नवाचार और नई तकनीकों के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं और बिहारियों को अपने राज्य की प्रगति में योगदान देना चाहिए।

AI और डिजिटल बदलाव का बड़ा मंच बना समिट

‘बिहार एआई समिट-2026’ को राज्य के डिजिटल भविष्य के लिए ऐतिहासिक पहल बताया जा रहा है। दो दिवसीय इस कार्यक्रम में देशभर से नीति निर्माता, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, AI विशेषज्ञ, स्टार्टअप्स, शिक्षाविद और तकनीकी पेशेवर शामिल हुए हैं।

कार्यक्रम में 100 से अधिक कंपनियों की भागीदारी, 50 से ज्यादा विशेषज्ञ वक्ताओं के सत्र और 60 से अधिक तकनीकी स्टॉल आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

कृषि से साइबर सिक्योरिटी तक AI पर मंथन

समिट में कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, शहरी विकास, साइबर सुरक्षा, MSME, स्टार्टअप इकोसिस्टम और डिजिटल प्रशासन में AI की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा हो रही है। सरकार का लक्ष्य AI तकनीक को हर गांव और हर युवा तक पहुंचाना है, ताकि तकनीक का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

बिहार IT Policy 2024 और GCC Policy 2026 पर जोर

मंत्री नीतीश मिश्रा ने बिहार आईटी नीति-2024 और बिहार GCC नीति-2026 का जिक्र करते हुए कहा कि इन नीतियों के जरिए बिहार को उभरते IT निवेश गंतव्य और Global Capability Center के नए हब के रूप में विकसित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इससे राज्य में हाई-क्वालिटी टेक्नोलॉजी जॉब्स, स्टार्टअप ग्रोथ और बड़े निवेश को बढ़ावा मिलेगा।

निवेशकों को बिहार आने का न्योता

आईटी मंत्री ने उद्योग जगत और निवेशकों से बिहार में निवेश करने की अपील करते हुए कहा कि राज्य के पास प्रतिभाशाली युवा शक्ति, तेजी से विकसित होता इंफ्रास्ट्रक्चर, मजबूत प्रशासनिक इच्छाशक्ति और बड़ा बाजार मौजूद है। यही वजह है कि बिहार भविष्य में देश का बड़ा टेक्नोलॉजी डेस्टिनेशन बनने की क्षमता रखता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here