Shravani Mela 2026: श्रावणी मेला 2026 को लेकर बिहार सरकार ने बड़ी तैयारी शुरू कर दी है। कांवरियों को निर्बाध और सुरक्षित बिजली आपूर्ति देने के लिए ऊर्जा विभाग ने व्यापक एक्शन प्लान तैयार किया है। गुरुवार को विद्युत भवन, पटना में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में ऊर्जा सचिव सह अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक अजय यादव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि मेले से जुड़े सभी बिजली मेंटेनेंस कार्य 30 जून 2026 तक हर हाल में पूरे कर लिए जाएं।
कांवरिया पथ पर लगेंगे नए 11KV फीडर

बैठक में बड़ा फैसला लेते हुए बांका जिले के कांवरिया पथ पर अतिरिक्त चार 11 केवी डेडीकेटेड फीडर लगाने का निर्णय लिया गया। खास बात यह है कि इन लाइनों में कवर्ड कंडक्टर का इस्तेमाल होगा ताकि सुरक्षा बेहतर हो सके।
जानकारी के अनुसार लगभग 1,738 नए पोल लगाए जाएंगे। 33 केवी, 11 केवी और एलटी लाइन का मेंटेनेंस होगा।ट्रांसफार्मरों का संधारण और परिचालन भी 30 जून तक पूरा किया जाएगा।
तीन जिलों में बनेंगे मुख्य कंट्रोल रूम

श्रावणी मेले के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए Banka, Bhagalpur और Munger में तीन मुख्य कंट्रोल रूम बनाए जाएंगे।
इन कंट्रोल रूम के जरिए बिजली आपूर्ति से जुड़े मामलों पर तुरंत समन्वय स्थापित किया जाएगा और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
16 जोन में बांटा जाएगा मेला क्षेत्र

ऊर्जा विभाग ने मेले के बेहतर संचालन के लिए सुल्तानगंज, बांका, भागलपुर और मुंगेर क्षेत्र को मिलाकर कुल 16 जोन बनाने का फैसला लिया है। इसके अलावा अतिरिक्त मानवबल, मोबाइल यूनिट, क्विक रिस्पॉन्स टीम और ट्रॉली माउंटेड ट्रांसफार्मर की भी व्यवस्था की जाएगी।
कांवरियों की सुरक्षा पर खास फोकस

ऊर्जा सचिव अजय यादव ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्थिर और भरोसेमंद बिजली सेवा मिले। इसी को ध्यान में रखते हुए कांवरिया पथ की ओवरहेड 11 केवी लाइन को कवर्ड वायर में बदलने का फैसला लिया गया है।
बैठक में Bihar State Power Holding Company Limited के अधिकारियों के साथ साउथ और नॉर्थ बिहार डिस्कॉम के प्रबंध निदेशक राहुल कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

