Bihar Crime News: बिहार के भोजपुर जिले से एक बेहद गंभीर और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। शाहपुर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 7 घंटे के भीतर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की गई।
शौच के लिए गई थी पीड़िता, आरोपियों ने की वारदात
पुलिस के अनुसार, 19 अप्रैल 2026 की रात करीब 8:30 बजे पीड़िता शौच के लिए घर से बाहर गई थी। इसी दौरान गांव के ही पांच लोगों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद पीड़िता के बयान के आधार पर शाहपुर थाना में मामला दर्ज किया गया।
गंभीर धाराओं में केस दर्ज
इस मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 70(2) और POCSO Act 2012 की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया।
SIT की बड़ी कार्रवाई, 7 घंटे में सभी आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जगदीशपुर के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी जांच और खुफिया जानकारी के आधार पर तेजी से कार्रवाई की।
इस दौरान घटना में शामिल सभी पांच नामजद आरोपियों को 7 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
सभी आरोपी एक ही गांव के रहने वाले
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सभी आरोपी शाहपुर थाना क्षेत्र के बनकट गांव के रहने वाले हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
अपराधियों को नहीं मिलेगी राहत
भोजपुर पुलिस ने इस कार्रवाई के जरिए स्पष्ट संदेश दिया है कि महिला अपराधों के मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन का कहना है कि आगे भी इस मामले में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

