न्यूज़ डेस्क
यह बात और है कि बीजेपी ने अपने सांसद रमेश बिधूड़ी पर कोई भी कार्रवाई के बजाये उन्हें इनाम के तौर पर राजस्थान के टन जिले का चुनाव प्रभारी बनाया है लेकिन बिधूड़ी के खिलाफ अब चारो तरफ से इस्तीफे की मांग भी होने लगी है। बीजेपी के भीतर भी रमेश बिधूड़ी के खिलाफ आवाज उठने लगी है।
आलम ये है कि संसद में अपने बयान के कारण चर्चा में चल रहे बीजेपी सांसद रमेश बिधूड़ी अब अपने पार्टी के अंदर ही घिरते नजर आ रहे हैं। बीजेपी की महिला नेता ने बिधूड़ी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बीजेपी महिला नेता ने रमेश बिधूड़ी के लोकसभा में बहुजन समाज पार्टी सांसद दानिश अली पर दिए बयान से आहत होकर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को पत्र लिखते हुए पार्टी के सांसद के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
नोएडा की रहने वाली बीजेपी से अल्पसंख्यक मोर्चे की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ. जीनत अंसारी ने अपने ही पार्टी के सांसद रमेश बिधूड़ी के खिलाफ हमला बोला है। कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए जीनत अंसारी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को पत्र लिखा है।
उन्होंने पत्र में कहा है कि वह पार्टी की कार्यकर्ता हैं। पार्टी के साथ पूरे विश्वास से खड़ी हैं, लेकिन बीच-बीच में ऐसी बातें भी सामने आती हैं, जो हम मुसलमानों के खिलाफ हो जाती हैं। महिला नेता ने आगे कहा कि अभी पिछले दिनों नई संसद के अंदर हमारे सांसद रमेश बिधूड़ी ने बसपा सांसद दानिश अली के खिलाफ अभद्र और अमानवीय भाषा का प्रयोग किया था। वह बहुत ही निंदनीय और अशोभनीय है। यह दिखाता है कि इनके दिमाग में मुसलमानों के खिलाफ कितनी घृणा है।
उन्होंने कहा, जहां हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पसमांदा और अन्य मुसलमानों को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं, वहीं इस तरह की बयानबाजी बहुत ही घृणात्मक है। उन्होंने पार्टी से उन्हें निकालने की बात कही है। उन्होंने कहा है कि दिल्ली के बीजेपी सांसद ने आपसी भाईचारे को खत्म किया है।

