लोकतंत्र का गजब नजारा ,न्याय नहीं मिला तो गंगा में मेडल प्रवाहित करने हरिद्वार पहुंचे पहलवान 

0
177


न्यूज़ डेस्क 

बीजेपी  सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ आंदोलन कर रहे पहलवान अपने मेडल गंगा में बहाने हरिद्वार पहुँच गए हैं। विनेश फोगाट, साक्षी मलिक, बजरंग पुनिया मेला नियंत्रण की तरफ से पैदल हर की पैड़ी की तरफ पहुंचे हैं। अभी तक सरकार की तरफ से कोई भी आदमी  इनसे मिलने नहीं आया है। गंगा में मेडल प्रवाहित करने के  बाद पहलवान इंडिया गेट पर आमरण अनशन पर बैठेंगे।हालांकि दिल्ली पुलिस ने इंडिया गेट पर धरना और अनशन करने की इजाजत नहीं दी है। पुलिस ने कहा है कि पहलवान किसी दूसरी जगह पर अनशन कर सकते हैं।
 गंगा में मेडल प्रवाहित करने से पहले हरि की पौड़ी पर पहलवान बैठकर कर खूब रोए। इस दौरान कुछ लोग उन्हें गमछे से हवा करते रहे। दूसरी तरह भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई।आंदोलनकारी पहलवानों की समर्थन में काफी संख्या में कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता भी हरिद्वार पहुंचे हैं।
            उधर ,किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बालियान खाप के प्रधान चौधरी नरेश टिकैत व अन्य खापों के प्रधान पहलवानों से मिलने के लिए हरिद्वार जल्दी पहुंच रहे हैं। आप सभी पहलवानों से अनुरोध है कि गलत कदम मत उठाओ।
                हरियाणा में एक बार फिर से पहलवानों के प्रदर्शन को लेकर खापों ने बैठक बुलाने का फैसला किया है। 2 जून को कुरुक्षेत्र में प्रदेश भर की खापें जुटेंगी। यह महापंचायत कुरुक्षेत्र की जाट धर्मशाला में होगी. कंडेला खाप ने इस बात की जानकारी दी है।
              राजस्थान की राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के अध्यक्ष हनुमान बेनीवाल ने पहलवानों से अपील की है। उन्होंने कहा, “केंद्र सरकार की हठधर्मिता से आहत होकर अपनी मेहनत से अर्जित किए गए मेडल्स को गंगा में बहाने का फैसला वापस ले लेना चाहिए।  क्योंकि मेडल गंगा में बहाने का निर्णय हताशा का प्रतीक है और हताश होकर कोई भी लड़ाई नहीं जीती जा सकती है। ”
              युवा कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी ने ट्वीट कर कहा, “सरकार की हठधर्मिता के चलते देश की बेटियां अब मां गंगा में अपने मेडल बहाने को मजबूर हैं। मुझे लगता है कि खिलाड़ियों को अपने फैसले पर पुनर्विचार करने की जरूरत है, ये मेडल किसी भी सरकार या व्यक्ति की वजह से नहीं बल्कि उनकी मेहनत की बदौलत उन्हें मिले हैं।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here