अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन का बेटा हंटर बाइडेन दोषी करार, 120 दिन बाद होगा सजा का ऐलान

0
118

न्यूज डेस्क
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के बेटे हंटर बाइडेन को फेडरल गन केस में दोषी पाया है। डेलावेयर की एक अदालत ने हंटर को नशे से संबंधित दो अन्य मामलों में भी दोषी ठहराया है। हंटर पर नशीले पदार्थों का सेवन करते हुए बंदूक रखने से जुड़े तीन मामले चल रहे थे। अदालत के सामने उन्होंने खुद को निर्दोष बताया था। यह मामला किसी वर्तमान राष्ट्रपति की संतान से जुड़ा पहला मुकदमा है। खास तौर ये अमेरिका में चुनाव के वक्त हंटर बाइडेन को दोषी करार दिया जाना जो बाइडेन की मुश्किलें और बढ़ा सकता है।

यह पहली बार है, जब अमेरिका में किसी मौजूदा राष्ट्रपति के बेटे को कोर्ट ने दोषी ठहराया है। हंटर पर आरोप है कि उन्होंने गन के लाइसेंस के लिए आवेदन के दौरान अपनी नशे की लत की जानकारी छिपाई थी। हंटर के दोषी पाए जाने के 120 दिनों के अंदर उनकी सजा का ऐलान हो सकता है। उन्हें 25 साल तक की जेल हो सकती है। 4 दिन पहले फ्रांस दौरे पर बाइडेन ने कहा था कि अगर गन ट्रायल में उनका बेटा दोषी पाया जाता है तो वे उसे कभी माफ नहीं करेंगे।

जिन 3 मामलों में हंटर को दोषी माना गया है, उनमें से 2 में 10-10 साल की जेल और तीसरे मामले में 5 साल की सजा का प्रावधान है। फेडरल गाइडलाइंस की सिफारिशों की मानें तो सजा को कम या ज्यादा रखना जज पर निर्भर करता है। न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, जिस व्यक्ति का कोई क्रिमिनल रिकॉर्ड न हो और उसने धोखे से खरीदे हथियार का इस्तेमाल किसी अपराध में न किया हो, उसे आमतौर पर कम सजा होती है। यह 15 से 21 महीने की हो सकती है। हर मामले में उन्हें 2 करोड़ रुपए जुर्माना भरना होगा।

हंटर को सजा 120 दिन (4 महीने) के भीतर सुनाई जा सकती है। यानी हर स्थिति में अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव से पहले हंटर की सजा पर फैसला हो जाएगा। हंटर बाइडेन पर आरोप है कि अक्टूबर 2018 में उन्होंने कोल्ट कोबरा हैंडगन खरीदते समय सही जानकारी छुपाई थी। उस वक्त वे ड्रग्स के आदी थे और नशीली दवाओं का नियमित सेवन करते थे। उन्होंने बंदूक खरीदने के लिए डॉक्यूमेंट में गलत जानकारी दी थी। दरअसल, अमेरिकी कानून के मुताबिक मादक पदार्थ का सेवन करने वाला व्यक्ति अपने पास बंदूक या कोई जानलेवा हथियार नहीं रख सकता है।

हंटर बाइडेन की पूर्व प्रेमिका हेली ने कोर्ट में बड़ा बयान दिया था। रिपोर्ट के मुताबिक हेली ने कहा कि जब उसने हंटर की कार की तलाशी ली तो उसे वहां पर एक गन मिली थी, जिसे देखकर वह घबरा गई थी। हेली ने कोर्ट में यह भी कहा था कि उसने कई बार हंटर को ड्रग्स लेते हुए पकड़ा था।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here