Trump on Starlink: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन में स्टारलिंक सेवाओं की स्पीड को लेकर उठे विवाद पर एलन मस्क का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि अगर यूक्रेन को स्टारलिंक एक्सेस मिलने में कोई समस्या आती है, तो वह मस्क से बातचीत कर समाधान निकालने की कोशिश करेंगे। यह बयान ऐसे समय आया है, जब यूक्रेनी अधिकारियों ने सेवा पर प्रतिबंध जारी रहने की बात कही है।
व्हाइट हाउस में शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि अगर कोई दिक्कत है, तो उसे ठीक कराया जा सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मुद्दे पर उनकी मस्क से अभी बातचीत नहीं हुई है, लेकिन जरूरत पड़ने पर वह उनसे संपर्क करेंगे।
यूक्रेन में स्टारलिंक की स्पीड पर विवाद क्यों?
यूक्रेन के अधिकारियों के मुताबिक, 13 अक्टूबर से लागू स्पीड लिमिट के कारण 160 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक रफ्तार से उड़ने वाले कुछ ड्रोन के कनेक्शन प्रभावित हो रहे हैं। इससे रूसी हमलों का मुकाबला करने और सैन्य अभियानों में इस्तेमाल होने वाले ड्रोन की क्षमता पर असर पड़ने की बात कही गई है।
ट्रंप ने इससे पहले दावा किया था कि यूक्रेन की स्टारलिंक सेवा बहाल कर दी गई है। हालांकि, यूक्रेनी अधिकारियों ने कहा कि स्पीड पर लगी पाबंदियां पूरी तरह नहीं हटी हैं। इस मामले में स्टारलिंक की सामान्य सेवा और सैन्य इस्तेमाल के लिए विकसित स्टारशील्ड सिस्टम के बीच अंतर को समझना भी जरूरी है।
ट्रंप ने एलन मस्क का बचाव करते हुए क्या कहा?
ट्रंप ने मस्क की तारीफ करते हुए उन्हें निष्पक्ष व्यक्ति बताया और कहा कि उन्हें नहीं लगता कि मस्क जानबूझकर कुछ गलत करेंगे। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि समस्या बनी रहने पर वह उनसे बातचीत करेंगे। फिलहाल, यूक्रेन में सैन्य संचार पर लगी पाबंदियां पूरी तरह हटने की पुष्टि नहीं हुई है।

