Strait of Hormuz Drone Attack: मध्य पूर्व में तनाव के बीच यमन की राजधानी सना में हवाई हमलों की खबर सामने आई है। ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने आरोप लगाया कि सोमवार आधी रात के आसपास हमदान और थौरा इलाकों को निशाना बनाया गया। उन्होंने हमलों के लिए सऊदी अरब को जिम्मेदार ठहराया है, हालांकि सऊदी पक्ष की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।
इसी बीच, होर्मुज स्ट्रेट के आसपास एक व्यावसायिक टैंकर पर ड्रोन हमले के बाद दो भारतीय नाविक लापता हो गए हैं। भारत के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, रविवार को MT Petro Dolphin पर हमला हुआ था। उस समय जहाज पर 11 भारतीय नाविक सवार थे। लापता लोगों की तलाश के लिए मस्कट स्थित भारतीय दूतावास ओमान के अधिकारियों और जहाज प्रबंधन कंपनियों के संपर्क में है।
दूसरे टैंकर में लगी आग, सभी भारतीय नाविक सुरक्षित
विदेश मंत्रालय ने बताया कि मार्शल आइलैंड्स के झंडे वाले टैंकर MT Valthera पर भी किसी अज्ञात वस्तु से हमला हुआ, जिसके बाद जहाज में आग लग गई। हालांकि, उस पर सवार सभी 11 भारतीय नाविक सुरक्षित हैं।
भारत ने वाणिज्यिक जहाजों पर लगातार हो रहे हमलों पर चिंता जताते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं क्षेत्र में पहले से मौजूद तनाव को और बढ़ा सकती हैं।
UAE ने की खाड़ी देशों की एकजुटता की अपील
इस घटनाक्रम के बीच संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति के राजनयिक सलाहकार अनवर गर्गश ने खाड़ी देशों से सुरक्षा के लिए साझा कदम उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के देशों की सुरक्षा एक-दूसरे से जुड़ी हुई है और सऊदी अरब पर हमले पूरे खाड़ी क्षेत्र की स्थिरता को प्रभावित कर सकते हैं।

