Trump Tariff News: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस से जुड़े नए प्रतिबंध कानून के तहत प्रस्तावित टैरिफ और कुछ प्रतिबंधों को फिलहाल लागू नहीं करने का फैसला लिया है। उन्होंने इसके पीछे अमेरिका के राष्ट्रीय हित का हवाला दिया है। इस कदम से रूस से कच्चा तेल खरीदने वाले भारत और चीन जैसे देशों पर 100 प्रतिशत तक अतिरिक्त अमेरिकी टैरिफ लगाए जाने का खतरा फिलहाल कम हुआ है।
ट्रंप ने कार्यकारी आदेश से दी राहत
ट्रंप ने 16 अक्टूबर को जारी कार्यकारी आदेश में ‘लिंडसे ओ. ग्राहम सैंक्शनिंग रूस एंड ईरान एक्ट, 2026’ के तहत मिलने वाले अधिकारों का इस्तेमाल किया। कानून के प्रावधानों के मुताबिक, राष्ट्रपति राष्ट्रीय हित में कुछ प्रतिबंधों और शुल्कों से छूट दे सकते हैं। इसके लिए कांग्रेस को लिखित प्रमाण और फैसले का आधार बताना जरूरी है।
भारत को क्या फायदा होगा?
भारत रूस से बड़ी मात्रा में कच्चा तेल खरीदता है। ऐसे में भारतीय सामान पर भारी अमेरिकी टैरिफ लगाया जाता, तो अमेरिका को निर्यात करने वाली भारतीय कंपनियों पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता था। फिलहाल छूट से तत्काल टैरिफ का खतरा टला है और भारत को राहत मिली है।
हालांकि, इसे स्थायी राहत नहीं माना जा सकता। व्हाइट हाउस के आदेश के अनुसार, छूट तब तक प्रभावी रहेगी, जब तक राष्ट्रपति या संबंधित प्रशासनिक अधिकारी आगे कार्रवाई का फैसला नहीं लेते। इसलिए भविष्य में अमेरिकी नीति बदलने पर टैरिफ का खतरा दोबारा पैदा हो सकता है।

