Donald Trump Hush Money: देश नरक में जा रहा, दुनिया हम पर हंस रही, कोर्ट से घर पहुंचे ट्रंप का पहला भाषण

0
156

विकास कुमार
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को रिहा कर दिया गया है। पॉर्न स्टार स्टॉर्मी डेनियल्स से जुड़े आपराधिक मामले में ट्रंप मैनहैटन की अदालत में पेश होने पहुंचे थे। यहं ट्रंप को पहले गिरफ्तार कर लिया गया था। ट्रंप पर पॉर्न स्टार को मुंह बंद रखने के लिए पैसे देने और उसे छिपाने के लिए आर्थिक रिकॉर्ड में हेराफेरी सहित 34 आरोप लगे हैं। हालांकि कोर्ट में पेशी के दौरान ट्रंप ने सभी आरोपों को गलत बताते हुए खुद को बेकसूर बताया है। रिहा होते ही समर्थकों के शोर के बीच ट्रंप ने अपने भाषण में कहा, ‘हमारा देश नरक में जा रहा है।’ उन्होंने कहा कि दुनिया पहले से ही कई कारणों से हम पर हंस रही है। ट्रंप ने भीड़ से कहा, ‘हर कानूनी विश्लेषक कह रहा है कि यह कोई मामला ही नहीं है।’ पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति ने मैनहट्टन डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी एल्विन ब्रैग के बारे में कहा, ‘असली अपराधी डिस्ट्रिक्ट अटार्नी हैं क्योंकि उन्होंने अवैध रूप से सूचना लीक की।’

वहीं दोनों पक्ष की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने ट्रंप को करीब 1 लाख 22 हजार डॉलर का जुर्माना भरने का आदेश दिया। जुर्माना राशि स्टॉर्मी डेनियल्स को दी जाएगी। सुनवाई के बाद ट्रंप कोर्ट से रवाना हो गए। इस मामले में अगली सुनवाई अब चार दिसंबर को होगीं वहीं आपराधिक मामले में गिरफ्तार होने वाले ट्रंप अमेरिकी के पहले पूर्व राष्ट्रपति बन गए हैं।

इससे पहले, न्यूयॉर्क की अदालत ने इस मामले में पूर्व राष्ट्रपति के खिलाफ आपराधिक केस चलाने की मंजूरी दी थी। इसी मामले में डोनाल्ड ट्रंप अदालत में पेश होने पहुंचे थे। बड़ी संख्या में ट्रंप के समर्थक मैनहैटन कोर्ट के बाहर पहुंच गए थे। ऐहतियात के तौर पर अदालत के अंदर और बाहर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। ट्रंप ने पॉर्न स्टार स्टॉर्मी डेनियल्स को पैसे देने के संबंध में कुछ भी गलत करने से इन्कार किया है। मैनहैटन जिला अटॉर्नी के कार्यालय की ओर से इस मामले की जांच तब शुरू की गई थी जब ट्रंप राष्ट्रपति थे।

वहीं, कोर्ट में पेश होने से पहले ट्रंप ने अपने समर्थकों को ईमेल के जरिए एक संदेश भेजा। इस ईमेल में उन्होंने दावा किया है कि अमेरिका ‘मार्क्सवादी तीसरी दुनिया’ का देश बनता जा रहा है। ट्रंप ने लिखा कि आज हम अमेरिका में न्याय के खत्म होने का शोक मनाते हैं। आज वह दिन है जब एक सत्तारूढ़ राजनीतिक दल अपने प्रमुख प्रतिद्वंद्वी को कोई अपराध नहीं करने के लिए गिरफ्तार करता है। ट्रंप ने अपने मेल में लिखा कि अमेरिका एक थर्ल्ड वर्ल्ड कम्युनिस्ट देश बनता जा रहा है। जो असहमति को अपराधी बना देता है और अपने राजनीतिक विरोध को जेल में डाल देता है। लेकिन अमेरिका में उम्मीद मत खोइए! हम एक ऐसे राष्ट्र हैं जिसने दुनिया के सबसे बड़े साम्राज्य से अपनी स्वतंत्रता की घोषणा की। दो विश्व युद्ध जीते, और पहले आदमी को चांद पर उतारा। ट्रंप ने आगे लिखा, ‘हमारा आंदोलन बहुत आगे निकल चुका है। मेरे मन में कोई संदेह नहीं है कि हम एक बार फिर जीतेंगे और 2024 में व्हाइट हाउस पहुंचेंगे।

वहीं ट्रंप के मामले पर व्हाइट हाउस ने अपनी सफाई पेश की है। व्हाइट हाउस ने कहा कि पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का मामला बाइडन के लिए बड़ा मुद्दा नहीं है। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव करीन जीन-पियरे ने कहा कि ट्रंप पर अभियोग निश्चित रूप से सुर्खियां बटोरेगा। लेकिन वर्तमान राष्ट्रपति जो बाइडन का इससे कोई मतलब नहीं है। पियरे ने कहा कि राष्ट्रपति बाइडन का ध्यान अमेरिकी लोगों को महंगाई से राहत पहुंचाने पर है।

ट्रंप एक बार फिर से मीडिया की सुर्खियों में आ गए हैं। ट्रंप एक बार फिर दुनिया के सबसे शक्तिशाली पद पर अपना दांव लगाएंगे। वक्त ही बताएगा कि ट्रंप अपने मकसद में किस हद तक कामयाब हो पाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here