Pew Research Religion Report 2026:दुनिया में अलग-अलग धर्मों की आबादी का संतुलन आने वाले वर्षों में बदल सकता है। प्यू रिसर्च सेंटर के नए जनसांख्यिकीय अनुमानों के मुताबिक, मौजूदा रुझान जारी रहे तो 2035 तक मुस्लिम आबादी ईसाइयों से आगे निकल सकती है। ऐसा होने पर इस्लाम दुनिया का सबसे बड़ा धार्मिक समूह बन जाएगा।
प्यू की रिपोर्ट के अनुसार, इस बदलाव के पीछे सबसे अहम कारण मुस्लिम समुदाय की अपेक्षाकृत अधिक प्रजनन दर है। 2020 से 2025 के बीच मुस्लिम महिलाओं में प्रति महिला औसतन 3.1 बच्चों की दर दर्ज की गई, जबकि ईसाई महिलाओं में यह आंकड़ा 2.5 और अन्य धर्मों में औसतन 1.6 रहा। प्यू के वरिष्ठ जनसांख्यिकीविद् कॉनरॉड हैकेट के मुताबिक, धर्म परिवर्तन की तुलना में जन्मदर आबादी बढ़ने का कहीं बड़ा कारण है।
2035 और 2070 के लिए क्या हैं अनुमान?
रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2020 में दुनिया में करीब 2.27 अरब ईसाई और 2.02 अरब मुस्लिम थे। अनुमान है कि 2035 तक मुस्लिम आबादी बढ़कर 2.57 अरब और ईसाई आबादी 2.52 अरब तक पहुंच सकती है। अगर यही रुझान जारी रहा तो 2070 तक मुसलमानों की संख्या 3.6 अरब से ज्यादा और ईसाइयों की आबादी 3 अरब से कम रह सकती है।
प्यू के आकलन में 2020 से 2070 के बीच दुनिया की कुल आबादी में 29 प्रतिशत बढ़ोतरी का अनुमान है। इस अवधि में मुस्लिम आबादी करीब 80 प्रतिशत और ईसाई आबादी 30 प्रतिशत बढ़ सकती है। वहीं, हिंदू और यहूदी समुदायों की कुल संख्या बढ़ने के बावजूद वैश्विक आबादी में उनकी हिस्सेदारी कम होने की संभावना जताई गई है। बौद्ध आबादी में भी गिरावट का अनुमान है, जिसकी एक वजह चीन, जापान और दक्षिण कोरिया जैसे देशों में जनसंख्या घटना है।
अमेरिका और यूरोप में भी बदल सकता है धार्मिक समीकरण
रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका में ईसाइयों की हिस्सेदारी 2020 के करीब 62 प्रतिशत से घटकर 2065 तक 50 प्रतिशत से नीचे जा सकती है। वहां ईसाइयों की संख्या भी 2020 के लगभग 21.7 करोड़ से घटकर 2070 तक 17.4 करोड़ रहने का अनुमान है।
यूरोप में भी बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। प्यू के मुताबिक, 2070 तक यूरोप की कुल आबादी 17 प्रतिशत घट सकती है। इस दौरान ईसाइयों की संख्या करीब 50.5 करोड़ से कम होकर 32.4 करोड़ रह सकती है, जबकि मुस्लिम आबादी की हिस्सेदारी 6 प्रतिशत से बढ़कर 13 प्रतिशत तक पहुंचने का अनुमान है।
पाकिस्तान में होगी सबसे ज्यादा मुस्लिम आबादी
प्यू के अनुमानों में देशों के स्तर पर भी बदलाव की बात कही गई है। 2070 तक पाकिस्तान में दुनिया की सबसे बड़ी मुस्लिम आबादी होने की संभावना है। इसके बाद भारत, नाइजीरिया और इंडोनेशिया का स्थान हो सकता है। फिलहाल सबसे अधिक मुस्लिम आबादी इंडोनेशिया में रहती है।
रिपोर्ट में एक और अहम रुझान सामने आया है। कई देशों में ऐसे लोगों की संख्या बढ़ रही है, जो खुद को नास्तिक, अज्ञेयवादी या किसी धर्म से असंबद्ध मानते हैं। प्यू के मुताबिक, चीन को छोड़कर दुनिया के अन्य हिस्सों में ऐसे लोगों की संख्या 2070 तक 18 करोड़ से अधिक बढ़ सकती है। चेक गणराज्य, जापान, नीदरलैंड, न्यूजीलैंड, उरुग्वे और वियतनाम सहित कई देशों में यह समूह पहले ही बहुसंख्यक है। अनुमान है कि भविष्य में दक्षिण कोरिया, फ्रांस और ब्रिटेन भी इस सूची में शामिल हो सकते हैं।
धार्मिक जनसांख्यिकी के विशेषज्ञों का मानना है कि इन बदलावों का असर विभिन्न धर्मों के बीच सामाजिक और सांस्कृतिक संबंधों पर भी पड़ सकता है। हालांकि, प्यू के ये आंकड़े भविष्य के अनुमान हैं, निश्चित नतीजे नहीं।

