विकास कुमार
पाकिस्तानी भिखारियों से खाड़ी के देश तंग आ गए हैं,सऊदी अरब और इराक जैसे देशों की सरकारें पाकिस्तानी भिखारियों से आजिज आ चुके हैं। पाकिस्तानी भिखारियों ने मध्य पूर्व देशों के लिए एक नई परेशानी खड़ी कर दी है। मिडिल ईस्ट देशों में बड़ी संख्या में पाकिस्तानी भिखारी घूम रहे हैं। पाकिस्तानी सांसदों के साथ साझा की गई एक रिपोर्ट के मुताबिक मध्य-पूर्व देशों में गिरफ्तार किए गए 90 फीसदी पेशेवर भिखारी पाकिस्तान से ताल्लुक रखते हैं। रिपोर्ट में खुलासा किया गया है कि सऊदी अरब की प्रतिष्ठित ग्रैंड मस्जिद के आसपास पाकिस्तानी पॉकेटमारी करने में लगे हुए हैं। सीनेटर मंजूर कक्कड़ की अध्यक्षता में प्रवासी पाकिस्तानियों की स्थायी समिति की बैठक में इस बात पर चिंता जाहिर की गई है।
पाकिस्तानी प्रवासी मंत्रालय के सचिव जुल्फिकार हैदर ने कहा कि ऐसी हरकतों से पाकिस्तानी प्रतिष्ठा को ठेस लग रही है,जुल्फिकार हैदर ने कहा कि पाकिस्तान के भिखारी काफी संख्या में देश छोड़ रहे हैं, विदेश जाने के लिए वे लोग समुद्री रास्ते का इस्तेमाल करते हैं। भिखारी विदेशों में तीर्थ वीजा लेकर जाते हैं और वहां जाकर तीर्थयात्रियों से भीख मांगते हैं। इस वजह से पाकिस्तानियों की छवि खराब हो रही है। भिखारियों के देश छोड़ने की वजह से इराक और सऊदी अरब लगातार शिकायत करते हैं कि हम उनके देश में भिखारी भेज रहे हैं। इराक और सऊदी अरब की जेल पाकिस्तानी भिखारियों से भरी पड़ी है।
पाकिस्तानी स्टार्टअप के मुताबिक, पाकिस्तान में भीख मांगना अब आम चलन में है, लोग बड़ी संख्या में भीख मांगते हैं,लेकिन पाकिस्तान में बढ़ते आर्थिक संकट की वजह से अब वहां के भिखारी दूसरे देशों की तरफ भाग रहे हैं। सऊदी अरब और इराक में जाकर पाकिस्तानी भिखारी ज्यादा पैसे कमा रहे हैं। लेकिन इन भिखारियों की वजह से सऊदी अरब और इराक की हुकूमत की इमेज खराब हो रही है,और वे पाकिस्तानी सरकार से इसकी शिकायत कर रहे हैं,इसलिए अब पाकिस्तान सरकार को बाहर भाग रहे इन भिखारियों पर नकेल कसनी होगी।

