Houthi Attack Saudi Arabia: यमन के हूती विद्रोहियों और सऊदी अरब के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को हूती लड़ाकों ने सऊदी अरब के जजान शहर में स्थित एक तेल रिफाइनरी को हवाई हमले का निशाना बनाया। हमले के बाद परिसर में आग लग गई और संयंत्र को नुकसान पहुंचने की खबर है। सऊदी अरब ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि एहतियातन रिफाइनरी में कामकाज रोक दिया गया है।
जजान स्थित इस रिफाइनरी की रोजाना करीब 4 लाख बैरल कच्चे तेल के शोधन की क्षमता बताई गई है। इससे एक दिन पहले हूतियों ने सऊदी अरब की प्रमुख रास तानुरा रिफाइनरी पर भी हमले का दावा किया था। इसके अलावा जेद्दा और जजान के बंदरगाहों को निशाना बनाने की बात भी कही गई थी।
जजान पर हमले के बाद सऊदी नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन ने जवाबी कार्रवाई की। गठबंधन के मुताबिक, यमन के हूती नियंत्रण वाले बंदरगाह शहर होदेदा में मौजूद बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्चर ठिकाने को हवाई हमले में नष्ट कर दिया गया। हूती ठिकानों पर अन्य हमले किए जाने की भी जानकारी दी गई है।
दोनों पक्षों के बीच टकराव जुलाई से तेज हुआ। हूतियों ने लाल सागर से सऊदी जहाजों की आवाजाही रोकने की कार्रवाई की और यमन की सऊदी समर्थित सरकार की सेनाओं से उनकी झड़पें शुरू हो गईं। इसके बाद सितंबर के पहले सप्ताह से सऊदी अरब और हूतियों के बीच सीधा सैन्य संघर्ष भी बढ़ गया। अब दोनों ओर से लगातार हमले किए जा रहे हैं।

