Google करेगा 12,000 कर्मचारियों की छंटनी, कंपनी के CEO सुंदर पिचाई ने भेजा ईमेल

0
242

न्यूज डेस्क
विश्वव्यापी आर्थिक मंदी की आशंका के बीच छंटनी करने वाली बड़ी टेक कंपनियों की सूची में गूगल का नाम भी शामिल हो गया है। गूगल की मूल कंपनी अल्फाबेट 12,000 कर्मचारियों को नौकरी से निकालेगी। यह संख्या कंपनी के कुल कर्मचारियों का 6 प्रतिशत है। गूगल से पहले ट्विटर, मेटा, अमेजन जैसी कंपनियां भी बड़ी छंटनी कर चुकी हैं। ट्विटर ने करीब 50फीसदी कर्मचारियों को निकाला है, जबकि मेटा ने अपने इतिहास की सबसे बड़ी छंटनी करते हुए अपने 11,000 लोगों को निकाला है।

गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने शुक्रवार को कर्मचारियों के भेजे एक ईमेल में कहा कि मेरे पास साझा करने के लिए एक कठिन खबर है। हमने अपने कार्यबल में करीब 12,000 कटौती करने का फैसला किया है। कठोर समीक्षा के बाद यह छंटनी की जा रही है। उन्होंने कहा कि वह उन फैसलों की जिम्मेदारी लेते हैं,जिनकी वजह से यह कदम उठाना पड़ा है। यह छंटनी वैश्विक स्तर पर और पूरी कंपनी में नौकरियों को प्रभावित करेगी।

गूगल में इस छंटनी का प्रभाव रिक्रूटमेंट, कॉरपोरेट फंक्शंस के साथ-साथ कुछ इंजीनियरिंग और प्रोडक्ट्स टीमों के कर्मचारियों पर पड़ेगा। गूगल ने कहा कि यह छंटनी ग्लोबल है और इसमें सबसे ज्यादा अमेरिका के एम्प्लॉइज प्रभावित होंगे।

कर्मचारियों को ईमेल भेजकर दी जानकारी

गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई कर्मचारियों को भेजे ईमेल में कहा कि वह इस कठिन फैसले के लिए तहे दिल से माफी मांगते हैं। उनहोंने कहा कि हम अमेरिका में प्रभावित कर्मचारियों को पहले ही अलग ईमेल भेज चुके हैं,अन्य देशों में स्थानीय कानूनों की वजह से इसमें अधिक समय लगेगा।

हटाये गये कर्मचारियों को 60 दिनों की सैलरी देगी कंपनी

कंपनी छंटनी प्रभावित कर्मचारियों को पूर्ण अधिसूचना अवधि न्यूनतम 60 दिन में भुगतान करेगी। उन्हें अनुबंधों के अनुसार बोनस और स्वास्थ्य लाभ भी दिया जाएगा। अमेरिका से बाहर के कर्मचारियों को अनुबंधों और स्थानीय निर्देशों के अनुसार पैकेज का लाभ मिलेगा। अल्फाबेट के पास लगभग 1,87,000 कर्मचारी हैं। कर्मचारियों की संख्या कंपनी में मौजूदा परिस्थिति की जरूरतों से मेल नहीं खाती है।

स्विगी ने 380 कर्मचारियों को निकाला और बढ़ सकती है संख्या

इधर स्विगी ने शुक्रवार को 380 लोगों की छंटनी की। कर्मचारियों को लिखे एक पत्र में कंपनी के सीईओ श्रीहर्ष मजेटी ने कहा कि पुर्नगठन के तहत हम टीम का आकार घटाने के लिए कठिन निर्णय लागू कर रहे हैं। हमारे कैश रिजर्व हमें मुश्किल हालात का सामना करने के लिए मौलिक रूप से अच्छी स्थिति में रहने की अनुमति देते हैं। हम इसे बैशाखी नहीं बना सकते हैं। छंटनी की संख्या और बढ़ने वाली है। कंपनी में करीब 6 हजार कर्मचारी काम करते हैं।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here