न्यूज डेस्क
आर्थिक रूप से कंगाल पाकिस्तान को उसके सबसे भरोसेमंद दोस्त चीन ने भी धोखा दे दिया है। दरअसल, चीन ने पाकिस्तान में अपने दूतावास के काउंसलर सेक्शन को अस्थायी रूप से बंद करने का एलान किया है। चीन ने इसका कारण तकनीकी वजह बतायी है। चीन के इस कदम से पाकिस्तानियों को चीन का वीजा लेने में परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। इससे पहले हाल ही में चीन ने पाकिस्तान में खराब होती सुरक्षा स्थिति के कारण पाकिस्तान में चीनी नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी थी।
इस्लामाबाद में चीनी दूतावास ने अपनी वेबसाइट पर इसका एलान किया है। हालांकि उसने इसके पीछे ना तो कोई खास वजह बताई है और न ही ये बताया है कि दूतावास का काउंसलर सेक्शन दोबारा कब खोला जाएगा। चीनी दूतावास की वेबसाइट पर जारी किए गए नोटिस में कहा गया है कि ‘तकनीकी मुद्दों के कारण, इस्लामाबाद में चीनी दूतावास का काउंसलर सेक्शन 13 फरवरी, 2023 से अगली सूचना तक अस्थायी रूप से बंद रहेगा।
चीन ने नागरिकों को दी सतर्क रहने की हिदायत
चीनी सरकार का यह कदम तब उठाया गया है जब बीते सप्ताह चीन ने एक नोटिस जारी करके पाकिस्तान में रहने वाले चीनी नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी थी। उस नोटिस में चीन ने अपने नागरिकों से कहा था कि पाकिस्तान में बिगड़ती सुरक्षा स्थिति के कारण उन्हें जोखिम हो सकता है।
पाकिस्तान में चीनी नागरिकों पर लगातार हो रहे हमले
पाकिस्तान में पिछले साल से आतंकवादी हमलों में बढ़ोतरी देखी जा रही है, जब पाकिस्तानी तालिबान समूह ने सरकार के साथ अपने समझौते को खत्म कर दिया था। अलग-अलग आतंकवादी समूह पाकिस्तान में महत्वाकांक्षी चीन-पाकिस्तान इकोनॉमिक कॉरिडोर (सीपीईसी) पर काम कर रहे चीनी नागरिकों पर हमला करते रहे हैं, जिसके वजह से बीजिंग के बेल्ट एंड रोड इंफ्रास्ट्रक्चर को खतरे में डालने का खतरा है।

