वाशिंगटन: अमेरिका में एक बार फिर अंधाधुंध फायरिंग हुई है। अमेरिकी राज्य वर्जीनिया के चेसापीक शहर में एक बंदूकधारी ने वॉलमार्ट स्टोर में ताबड़तोड़ गोलियां चला कई लोगों की हत्या कर दी। वारदात में 10 से ज्यादा लोगों के मारे जाने की खबर है, जबकि कई अन्य लोग घायल हैं। पुलिस का दावा है कि फायरिंग में शूटर को मार गिराया गया है। फिलहाल घटनास्थल पर रेस्क्यू और सर्च ऑपरेशन जारी है और लोगों को स्टोर से दूर रहने को कहा गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वर्जीनिया के चेसापीक स्थित वॉलमार्ट स्टोर में सामूहिक गोलीबारी में 10 लोगों की मौत की खबर सामने आ रही है। फायरिंग का पता चलते ही चेसापीक पुलिस ने बैटलफील्ड ब्लाव्ड के सामने वॉलमार्ट में शूटर को पकड़ने का प्रयास किया और उस पर फायरिंग की। फायरिंग की सूचना देने वाला कॉल स्थानीय समयानुसार मंगलवार रात 10:12 बजे आया।

सामूहिक फायरिंग में दस लोगों की मौत
वर्जिनिया की चेसापीक पुलिस का कहना है कि ओपन फायरिंग में करीब 10 लोगों की मौत हुई है जबकि कई लोग घायल हुए हैं। पुलिस वॉलमार्ट स्टोर बिल्डिंग की छानबीन कर रही है। पुलिस का मानना है कि पकड़ने के प्रयास में की गयी फायरिंग में शूटर मारा गया है, लेकिन लोगों को अभी इमारत से दूर रहने के लिए कहा गया है।
वॉलमार्ट स्टोर के बाहर भारी पुलिस तैनात
अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, वॉलमार्ट स्टोर के बाहर अभी भी भारी पुलिस बल तैनात है, साथ ही 40 से अधिक इमरजेंसी वाहनों को स्टोर के बाहर तैनात रखा गया है। पुलिस ने स्थानीय लोगों को घटनास्थल से दूर रहने के लिए कहा है।

स्टोर के मैनेजर पर ही शूटर होने का शक !
डेलीमेल.कॉम पर छपी रिपोर्ट के अनुसार, घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि फायरिंग करने वाला शख्स स्टोर का मैनेजर ही था। मैनेजर ब्रेक रूम में घुसा और उसने स्टोर के अन्य कर्मचारियों पर गोलियां चला दी।
अमेरिका में बढ़ रहा है गन कल्चर
अमेरिका में आए दिन किसी न किसी शहर से मास शूटिंग की खबरें आती है। अभी दो दिन पहले ही कोलोराडो स्प्रिंग्स के एक नाइट क्लब के अंदर बंदूकधारी ने फायरिंग कर दी थी, जिसमें करीब 5 लोगों की मौत हो गई थी और 18 लोग घायल हुए थे।

