Weather Update November 18: देश में मौसम का डबल अटैक! कहीं चक्रवाती तूफान तो कहीं घना कोहरा, IMD ने जारी की चेतावनी

0
1

Weather Update Today: देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 18 नवंबर को आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ समेत 10 राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वहीं, पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती गतिविधियों के चलते तटीय क्षेत्रों में खतरा बढ़ने की आशंका है।

आंध्र प्रदेश के तटीय जिलों में तूफान के दौरान समुद्र में सामान्य ज्वार से 1 से 2 मीटर तक ऊंची लहरें उठ सकती हैं। प्रकाशम, बापटला, कृष्णा, पश्चिम गोदावरी, कोनासीमा और काकीनाडा के निचले इलाकों में पानी भरने का खतरा है। बापटला, कृष्णा और पश्चिम गोदावरी में 20 नवंबर की सुबह से दोपहर तक इसका असर अधिक रह सकता है।

10 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

IMD के अनुसार 18 नवंबर को आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, बिहार और अंडमान-निकोबार में कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। कुछ क्षेत्रों में तेज आंधी और चक्रवाती हवाएं चलने की भी आशंका है।

दिल्ली-NCR में बढ़ेगी ठंड

दिल्ली में फिलहाल बारिश का अलर्ट नहीं है, लेकिन कुछ इलाकों में कोहरा छा सकता है। तापमान में 3 से 4 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है, जिससे ठंड का असर बढ़ेगा। मौसम विभाग ने 19 से 21 नवंबर के बीच दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में घने कोहरे की आशंका भी जताई है।

दक्षिण भारत में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी

18 से 23 नवंबर के बीच केरल, माहे, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, पुडुचेरी और कराईकल में भारी बारिश हो सकती है। तटीय आंध्र प्रदेश में 19 से 21 नवंबर तक मूसलाधार बारिश की आशंका है। 19 और 20 नवंबर को कुछ इलाकों में हवाएं 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं, जबकि झोंकों की गति 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।

छत्तीसगढ़ और मध्य भारत का मौसम

छत्तीसगढ़ में 18 नवंबर को भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है। वहीं, पश्चिमी मध्य प्रदेश में 21-22 नवंबर, पूर्वी मध्य प्रदेश में 20-23 नवंबर और विदर्भ में 20-22 नवंबर के दौरान भारी बारिश हो सकती है।

बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी बारिश के आसार

बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में 18 नवंबर को कुछ जगहों पर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में 19 से 21 नवंबर और झारखंड में 20-21 नवंबर के दौरान फिर तेज बारिश की संभावना जताई गई है।

यूपी के कई जिलों में घने कोहरे की चेतावनी

उत्तर प्रदेश में 18 नवंबर को मेरठ, गाजियाबाद, मुरादाबाद, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, सहारनपुर, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, कानपुर, उन्नाव, बिजनौर, झांसी, अयोध्या, सुल्तानपुर, गोरखपुर, देवरिया, प्रयागराज, कुशीनगर, महाराजगंज, बस्ती और रायबरेली समेत कई जिलों में घना कोहरा छाने की आशंका है। शाम के समय तापमान में गिरावट से ठंड बढ़ सकती है।

बिहार के इन जिलों में कोहरे का अलर्ट

बिहार में पटना, गया, जहानाबाद, सिवान, सारण, भोजपुर, बक्सर, नवादा, वैशाली, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, सहरसा, सुपौल, समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी समेत कई जिलों में घना कोहरा छा सकता है। ऐसे में सुबह और रात के समय सड़क पर सफर करने वालों को सावधानी बरतने की जरूरत है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here