Weather Forecast Today: देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 5 से 6 दिनों तक उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के अलावा बिहार, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र सहित कुल 18 राज्यों के लिए वर्षा का पूर्वानुमान जारी किया गया है। वहीं पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में 5 अगस्त से लगातार कई दिनों तक बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है। मौसम विभाग ने बुधवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। दिनभर आसमान में बादल छाए रहने के साथ बीच-बीच में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने के भी आसार हैं। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि 10 अगस्त तक दिल्ली-एनसीआर में बादलों और बारिश का दौर बना रह सकता है।
उत्तर भारत के इन राज्यों में भी बरसेंगे बादल
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में 5 से 10 अगस्त के बीच कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी अगले पांच दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 5 से 7 अगस्त तक वर्षा के आसार बने हुए हैं।
राजस्थान की बात करें तो जयपुर, बीकानेर, जोधपुर समेत पूर्वी हिस्सों में 6 से 9 अगस्त के बीच अच्छी बारिश हो सकती है, जबकि पश्चिमी राजस्थान में 9 अगस्त के आसपास वर्षा की संभावना जताई गई है।
मध्य भारत में भी सक्रिय रहेगा मानसून
मध्य प्रदेश के इंदौर, उज्जैन, भोपाल, मंडला सहित कई जिलों में 6 से 8 अगस्त के दौरान बारिश होने का अनुमान है। छत्तीसगढ़ में 5 से 8 अगस्त तक कई इलाकों में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में 7 अगस्त को तेज बारिश देखने को मिल सकती है।
बिहार, झारखंड और महाराष्ट्र में भी बारिश
झारखंड में 5 से 8 अगस्त तक बारिश की संभावना बनी हुई है। बिहार और पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में 5 अगस्त को अच्छी वर्षा हो सकती है। वहीं महाराष्ट्र के कोंकण, विदर्भ और गोवा क्षेत्र में 8 अगस्त तक मानसूनी गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।
पूर्वोत्तर राज्यों के लिए भारी बारिश की चेतावनी
पूर्वोत्तर भारत में मानसून पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 5 अगस्त से 10 अगस्त के बीच कई स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। विशेष रूप से अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में लगातार तेज वर्षा का दौर जारी रह सकता है, जिससे निचले इलाकों में जलभराव और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन जैसी स्थितियां बन सकती हैं।

