Aaj Ka Mausam
देश के अधिकांश राज्यों में चिलचिलाती गर्मी और लू का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार यानी आज तेज सतही हवाओं की भविष्यवाणी की है। जिससे अधिकतम और न्यूनतम तापमान 39 और 26 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। वहीं तापमान में भी गिरावट आई है, 42 डिग्री तक पहुंचने वाला तापमान 38 डिग्री पर आ गया है। तापमान में गिरावट से लोगों को भी राहत मिली है। हालांकि, दिन में मौसम पूरी तरह साफ रहेगा और तेज धूप निकलेगी। मौसम विभाग के मुताबिक आज भी तेज हवाएं चलती रहेंगी। वहीं कल यानी 10 मई को मौसम में कुछ बदलाव देखने को मिल सकता है। आईएडी के मुताबिक 10 से 12 मई के बीच दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में बारिश और आंधी देखने को मिल सकती है।
मौसम विभाग ने कुछ उत्तर-पूर्वी राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश की उम्मीद जताई है। रिपोर्ट के मुताबिक, अगले 3-4 दिनों के दौरान बंगाल की खाड़ी से पूर्व और पूर्वोत्तर भारत तक तेज दक्षिण-पश्चिमी/दक्षिणी हवाएं निचले क्षोभमंडल स्तर पर जारी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग की ओर से जारी ताजा मौसम अपडेट में राजस्थान, मध्य प्रेदश, महाराष्ट्र, गुजरात जैसे राज्यों में हीट-वेव चलने की संभावना जताई गई है। वहीं, कुछ प्रदेशों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है। इसके अलावा 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और ओलावृष्टि होने के भी आसार हैं। बता दें कि बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, उत्तर प्रदेश जैसे प्रदेशों के प्रमुख शहरों का तापमान लगातार 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चल रहा था, लेकिन मौसम में परिवर्तन होने और सामान्य से तेज गति से हवा चलने की वजह से मौसम में कुछ नरमी आई है।