Weather Alert October 3, 2026: दिल्ली-UP समेत इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, जानें अपने शहर का हाल

0
4

Weather Alert October 3, 2026: मानसून की विदाई के बीच देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 3 अक्टूबर को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 15 राज्यों में बारिश और तेज हवाओं की स्थिति बन सकती है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।

पूर्वी भारत के साथ-साथ पहाड़ी राज्यों में भी बारिश और गरज-चमक को लेकर अलर्ट है। समुद्र में खराब मौसम की आशंका को देखते हुए मछुआरों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

इन 15 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट

3 अक्टूबर को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और नागालैंड में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

दिल्ली-UP समेत उत्तर भारत का हाल

दिल्ली में 3 और 4 अक्टूबर को हल्की बारिश के साथ तेज हवा चल सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 3 अक्टूबर की शाम से गाजीपुर, चंदौली, आजमगढ़, मऊ, बलिया, मिर्जापुर, भदोही, अयोध्या, सुल्तानपुर और बस्ती में भारी बारिश के आसार हैं।

उत्तराखंड में 3 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है, जबकि 5 से 8 अक्टूबर के बीच भी कई इलाकों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में 6 और 7 अक्टूबर को गरज-चमक तथा तेज हवाओं की स्थिति बन सकती है।

मध्य भारत में भी बारिश के आसार

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 3 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश संभव है। पूर्वी मध्य प्रदेश में गरज-चमक के साथ 30 से 40 Kmph की हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके 50 Kmph तक पहुंच सकते हैं।

बिहार, झारखंड और बंगाल में मौसम बदलेगा

3 से 8 अक्टूबर के बीच बिहार, झारखंड और ओडिशा के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी बारिश के साथ आंधी और बिजली चमकने की संभावना है। बिहार में 6 से 8 अक्टूबर के बीच तेज हवाओं और गरज-चमक का असर देखने को मिल सकता है।

पूर्वोत्तर राज्यों में तेज हवाओं की चेतावनी

अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 3 से 8 अक्टूबर के बीच कई जगहों पर बारिश की संभावना है। इस दौरान कुछ इलाकों में 50 से 60 Kmph तक तेज हवाएं चल सकती हैं।

पश्चिम और दक्षिण भारत में भी बारिश

कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र और कुछ अन्य पश्चिमी हिस्सों में 3 से 8 अक्टूबर के बीच बारिश की संभावना है। महाराष्ट्र के तटीय इलाकों में 3 से 5 अक्टूबर के दौरान गर्म और उमस भरा मौसम रह सकता है।

दक्षिण भारत में तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, रायलसीमा और तमिलनाडु-पुडुचेरी में 3 से 8 अक्टूबर के दौरान भारी बारिश का अलर्ट है। केरल, माहे, लक्षद्वीप और तटीय कर्नाटक में भी अलग-अलग दिनों में बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here