Weather Update Today, 1 November 2026: बंगाल की खाड़ी में विकसित हुआ निम्न दबाव का क्षेत्र अब तेजी से ताकतवर हो रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 12 से 18 घंटों में इसके चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की आशंका है। यह सिस्टम 2 नवंबर की शाम तक आंध्र प्रदेश के तट के नजदीक पहुंच सकता है। इसके प्रभाव से 20 राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
इन राज्यों में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी
मौसम विभाग ने तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, झारखंड, बिहार, ओडिशा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और पूर्वोत्तर के सात राज्यों में बारिश की संभावना जताई है। इनमें अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा शामिल हैं। तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 2 नवंबर को कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है।
समुद्र में भी मौसम बिगड़ने की आशंका है। पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में 1 नवंबर से तेज हवाएं चल सकती हैं। 2 से 3 नवंबर के बीच इनकी रफ्तार 80-90 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों में 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। मछुआरों को 1 से 4 नवंबर तक प्रभावित समुद्री क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी गई है।
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी में 1 से 3 नवंबर तक आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। इस दौरान अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। उत्तर-पश्चिम दिशा से हवाएं चलेंगी।
उत्तर प्रदेश और बिहार का मौसम
उत्तर प्रदेश में 1 नवंबर को बारिश की संभावना नहीं है। पश्चिमी यूपी में भी मौसम सामान्य रहने का अनुमान है। वहीं बिहार में 1 और 2 नवंबर को कुछ स्थानों पर हल्की या छिटपुट बारिश हो सकती है। राज्य में भारी बारिश का अलर्ट नहीं है।
मध्य प्रदेश और झारखंड में बारिश के आसार
मध्य प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में 1 नवंबर को कुछ जगह बारिश हो सकती है। 2 से 4 नवंबर के बीच भी छिटपुट बारिश का अनुमान है। झारखंड में 1 से 5 नवंबर तक हल्की बारिश हो सकती है, हालांकि भारी बारिश की विशेष चेतावनी नहीं दी गई है।
दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में भी बदलेगा मौसम
तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, लक्षद्वीप, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और रायलसीमा में बारिश के आसार हैं। ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और अंडमान-निकोबार में भी कुछ स्थानों पर वर्षा हो सकती है। पूर्वोत्तर भारत में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश में 1 और 2 नवंबर को भारी बारिश हो सकती है। वहीं तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 1 से 4 नवंबर तक गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है।

