Aaj Ka Mausam 8 September 2026: आज 8 सितंबर को देश के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय रहने वाला है। मौसम विभाग ने उत्तर भारत, पूर्वी भारत और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में बारिश के साथ तेज हवाओं और गरज-चमक की संभावना जताई है। कुछ इलाकों में हवाओं की रफ्तार करीब 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का जोखिम देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम में बदलाव के पीछे कश्मीर के आसपास बना साइक्लोनिक सर्कुलेशन और दक्षिण तेलंगाना से मन्नार की खाड़ी तक निचले स्तर पर सक्रिय ट्रफ प्रमुख कारणों में शामिल हैं।
यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में बारिश
8 सितंबर को बिहार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, गुजरात समेत कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।
उत्तर-पश्चिम भारत में 8 से 13 सितंबर के बीच राजस्थान, पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। उत्तराखंड में 8-9 सितंबर को कई स्थानों पर बारिश हो सकती है, जबकि जम्मू-कश्मीर और आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों में भी मौसम खराब रहने की आशंका है।
मध्य और पूर्वी भारत में भी बारिश
मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में 8 सितंबर से बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। इस दौरान कई स्थानों पर 40-50 KM प्रति घंटे की तेज हवाएं चलने की संभावना है।
पूर्वी भारत में बिहार में 10 से 13 सितंबर के बीच भारी बारिश की स्थिति बन सकती है। ओडिशा में 8-9 और फिर 10-12 सितंबर के दौरान तेज बारिश की संभावना है। झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी आने वाले दिनों में बारिश बढ़ सकती है।
पूर्वोत्तर और पश्चिमी राज्यों में कैसा रहेगा मौसम?
अरुणाचल प्रदेश समेत पूर्वोत्तर के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
पश्चिमी भारत में कोंकण और गोवा में 8 से 13 सितंबर तक व्यापक बारिश हो सकती है। गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और सौराष्ट्र-कच्छ में भी अलग-अलग स्थानों पर बारिश की संभावना है।
दक्षिण भारत में भी अलर्ट
दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की आशंका है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 8 सितंबर को 40-50 KM प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि झोंकों के दौरान रफ्तार 60 KM प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। तेलंगाना में भी तेज हवाओं को लेकर सावधानी बरतने की सलाह है।

